#बलरामपुर शुगर मिल में 'श्रमिक स्वास्थ्य सम्मान शिविर' आयोजित, 185 श्रमिकों की हुई निःशुल्क जांच
सेवा संकल्प अभियान: स्वास्थ्य जांच के साथ मिला निःशुल्क दवाइयों और सरकारी योजनाओं का लाभ
डीएम डॉ. विपिन कुमार जैन के निर्देशन में श्रम और स्वास्थ्य विभाग ने उठाया कल्याणकारी कदम
बलरामपुर, 08 अक्टूबर, 2026।
जिले में श्रमिकों के बेहतर स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन के निर्देशन में चलाए जा रहे 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत बलरामपुर शुगर मिल परिसर में एक दिवसीय 'श्रमिक स्वास्थ्य सम्मान शिविर' का आयोजन किया गया। श्रम विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में कुल 185 श्रमिकों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श और दवाइयां प्रदान की गईं।
स्वास्थ्य विभाग की विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम ने शिविर में पहुंचे श्रमिकों के ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, रक्त और नेत्र जांच सहित कई महत्वपूर्ण परीक्षण किए। जांच के बाद चिकित्सकों ने जरूरतमंद श्रमिकों को निःशुल्क औषधियां वितरित कीं। इस दौरान डॉक्टरों ने श्रमिकों को संतुलित आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता, मौसमी बीमारियों से बचाव और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के लिए प्रेरित किया।
सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी
शिविर के दौरान श्रम विभाग के अधिकारियों ने श्रमिकों को उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (BOCW) द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने श्रमिकों को शैक्षणिक सहायता, मातृत्व एवं शिशु हितलाभ, बालक-बालिका कल्याण और आवासीय सहायता जैसी योजनाओं के लाभ, पात्रता, पंजीयन और नवीनीकरण की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से समझाया।
जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य श्रमिकों को उनके कार्यस्थल के निकट ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़कर सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना है। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सहायक श्रमायुक्त, श्रम प्रवर्तन अधिकारी और चीनी मिल प्रबंधन सहित भारी संख्या में श्रमिक मौजूद रहे।
#DMbalrampur