कुलदीप बिश्नोई के जन्मदिन पर समर्थकों में भारी उत्साह, फतेहाबाद के गुरु जम्भेश्वर मंदिर में किया पौधारोपण, गरीबों में बांटे फल
फतेहाबाद। (राष्ट्रीय कदम) ब्यूरो;
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई के जन्मदिन को लेकर आज फतेहाबाद जिलेभर में उनके समर्थकों और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह एवं उमंग का माहौल नजर आया। इस अवसर पर समर्थकों द्वारा धार्मिक, सामाजिक व पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न सेवा कार्यों का आयोजन किया गया। मुख्य कार्यक्रम फतेहाबाद के गुरु जम्भेश्वर मंदिर परिसर में आयोजित किया गया, जहां समर्थकों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और तत्पश्चात जरूरतमंदों एवं गरीबों के बीच फल वितरित कर कुलदीप बिश्नोई की दीर्घायु व उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता मार्केट कमेटी फतेहाबाद के चेयरमैन जगदीश जाखड़ तथा बिश्नोई सभा फतेहाबाद के प्रधान संजय खिचड़ ने की। कार्यक्रम में बिश्नोई समाज एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढक़र भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मार्केट कमेटी चेयरमैन जगदीश जाखड़ व बिश्नोई सभा प्रधान संजय खिचड़ ने कहा कि चौधरी कुलदीप बिश्नोई केवल एक राजनीतिक व्यक्तित्व नहीं हैं, बल्कि वे हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय चौधरी भजनलाल जी की स्वर्णिम राजनीतिक विरासत, सादगी और विकासपरक सोच के सच्चे संवाहक हैं। अपने लंबे राजनीतिक सफर में उन्होंने हमेशा गैर-बराबरी के खिलाफ आवाज उठाई और जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ी। विधायक से लेकर सांसद के रूप में उनका कार्यकाल हलके और प्रदेश के चहुंमुखी विकास तथा आमजन के कल्याण को समर्पित रहा है। गैर-राजनीतिक रूप से भी बिश्नोई समाज और पर्यावरण व जीव रक्षा के प्रति उनका समर्पण व नेतृत्व हर कार्यकर्ता के लिए प्रेरणास्रोत है। वक्ताओं ने आगे कहा कि आज कुलदीप बिश्नोई के नेतृत्व में क्षेत्र का युवा व हर वर्ग पूरी मजबूती के साथ खड़ा है। इस अवसर पर सज्जन गढ़वाल, महाबीर मांझु, सुरेंद्र पाल जाजूदा, रामस्वरूप सिहाग, जगदीश धारनियां, रिछपाल भादू, उग्रसैन भादू, भूप सिंह नैन, संदीप गोदारा, नरसी काकड़, तेलु राम, खारा खेड़ी के सरपंच बंसी लाल, बलवंत खिलेरी, सुनील खिचड़, बारू राम, किशोरी मांझु, ओम प्रकाश सहारन, जगदीश खिचड़ तथा सुरेश काकड़ सहित काफी संख्या में समर्थक उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर कुलदीप बिश्नोई के जन्मदिन की बधाई दी।