तेज बरसाती बहाव में बही क्रेटा, युवक समेत दो की मौ'त
एक युवती घायल अवस्था में रेस्क्यू, दो किलोमीटर दूर मिली
देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के लोअर कंडोली, पौंधा रोड स्थित कंडोली पुल के पास देर रात तेज बरसाती बहाव में एक क्रेटा कार बह गई। हादसे के वक्त वाहन में एक युवक और दो युवतियां सवार थे। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम ने रातभर सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया। अभियान के दौरान एक युवती को घायल अवस्था में सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया, जबकि युवक और एक अन्य युवती के श'व बरामद किए गए।
जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात क्रेटा वाहन संख्या RJ 13 CE 5641 के कंडोली पुल के पास तेज बरसाती बहाव में बहने की सूचना मिली। सूचना पर डाकपत्थर से अपर उप निरीक्षक सुरेश तोमर के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचते ही जवानों ने प्रतिकूल परिस्थितियों और तेज बहाव के बीच सर्चिंग अभियान शुरू किया।
एसडीआरएफ के अनुसार, सर्चिंग के दौरान घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर सहज पुत्री गुलशन बवेजा घायल अवस्था में मिलीं। टीम ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकालकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
वहीं, सर्च अभियान के दौरान वाहन में सवार अक्षय पुत्र मुकेश (20), निवासी जयपुर, राजस्थान तथा एक अन्य युवती का शव भी बरामद कर लिया गया। दोनों शवों को आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
तेज बारिश और बरसाती पानी के बढ़ते बहाव के बीच एसडीआरएफ जवानों ने पूरी रात घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में सर्चिंग अभियान चलाया। हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस द्वारा घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।