#भरतपुर। धौलपुर-भरतपुर मार्ग पर कुम्हेरी प्याऊ के पास एक रोडवेज बस में चेकिंग के दौरान महिला अधिकारी और परिचालक के बीच तीखी बहस के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। धौलपुर डिपो की असिस्टेंट डिपो ऑफिसर प्रीति परमार ने धौलपुर से भरतपुर जा रही बस को रोककर जब टिकटों की जांच की, तो बिना टिकट यात्री मिलने पर परिचालक भड़क गया। आरोप है कि कहासुनी के बाद परिचालक ने महिला अधिकारी के साथ मारपीट कर दी और बस को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद सड़क पर यात्रियों की भीड़ जमा हो गई और डिपो के अधिकारियों के देरी से पहुंचने के कारण बस में सवार यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। कई यात्रियों को अपने गंतव्य तक जाने के लिए अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ा। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही पीड़िता के परिजन धौलपुर डिपो पहुंचे और आरोपी परिचालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई व मुकदमा दर्ज कराने की मांग को लेकर अधिकारियों से वार्ता की।