#सीएम_की_चचेरी_बहन_के_घर_चोरी..
भरतपुर। जिले के वैर कस्बे स्थित बयाना गेट क्षेत्र में शनिवार दोपहर चोरों ने दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात चोर एक मकान में दाखिल होकर सोने-चांदी के कीमती आभूषण और करीब 7000 रुपये की नकदी समेटकर फरार हो गया। घटना के वक्त पीड़ित राधेश्याम की पत्नी आशा शर्मा और उनका पुत्र कमरे में सो रहे थे। जबकि पीड़ित अपनी दुकान पर थे। शातिर चोर ने घर के कमरे की बाहर से कुंडी लगा दी और दूसरे कमरे की अलमारी में रखे सोने की अंगूठी, मंगलसूत्र, हार, टीका, नथ और चांदी की तोड़ियों समेत नकदी पार कर दी। जब मां बेटे की नींद खुली तो कुंडी बंद मिलने पर राधेश्याम को फोन कर कुंडी खुलवाई गई। जब घर के दूसरे कमरे को चेक किया तो अलमारी का सामान बिखरा देखकर चोरी का पता चला। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता आशा शर्मा प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की चचेरी बहन हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और पीड़ित परिवार ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।