#एसपी_का_नदबई_दौरा..
भरतपुर। जिला पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा ने शुक्रवार को नदबई क्षेत्र का दौरा कर लखनपुर और नदबई पुलिस थानों का विस्तृत निरीक्षण किया। एसपी ने दोनों थानों में कार्यप्रणाली, लंबित मामलों, रिकॉर्ड के रख-रखाव, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना स्टाफ की बैठक लेकर क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, नियमित गश्त बढ़ाने और वांछित व फरार अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी के कड़े निर्देश दिए। एसपी ने पुलिस अधिकारियों को हिदायत दी कि आमजन की शिकायतों का समयबद्ध व निष्पक्ष निस्तारण किया जाए और फरियादियों के साथ संवेदनशीलता से पेश आएं। उन्होंने साफ कहा कि पुलिस जनता के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करे ताकि आमजन में विश्वास और अपराधियों में डर का माहौल कायम हो सके। इस मौके पर सीओ अमर सिंह राठौड़ सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।