600 KM का सफर तय कर जंतर-मंतर पहुंचे गोंडा के नेता: CJP संस्थापक अभिजीत दिपके से मिले, बोले—धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक छात्रों की आवाज उठाएंगे
पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन को समर्थन देने के लिए गोंडा से राष्ट्रीय छात्र पंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवम पांडेय और सपा नेता विनोद शुक्ला शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे अपने समर्थकों के साथ पहुंचे।
करीब 600 किलोमीटर का सफर तय कर दिल्ली पहुंचे दोनों नेताओं ने CJP संस्थापक अभिजीत दिपके से मुलाकात की और आंदोलन को समर्थन देने की घोषणा की। शिवम पांडेय के साथ राष्ट्रीय छात्र पंचायत की अखिल भारतीय टीम के विभिन्न जिलों के पदाधिकारी भी प्रदर्शन में शामिल हुए।
शिवम पांडेय ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि पेपर लीक से देश के लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है और इसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा के पेपर लीक के समय भी उन्होंने छात्रों की आवाज उठाई थी और अब देशभर में सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों को लेकर जंतर-मंतर पहुंचे हैं।
उन्होंने आंदोलन को “तन, मन और धन” से समर्थन देने की बात कही। साथ ही दावा किया कि उनकी टीम जरूरतमंद प्रदर्शनकारियों के लिए भोजन, दवाइयों और दूसरी आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था में भी सहयोग कर रही है।
वहीं सपा नेता विनोद शुक्ला सरकार के खिलाफ लिखे नारों वाली तख्तियां लेकर प्रदर्शन में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने केंद्र सरकार पर तीखा हमला किया और सरकार के रवैये की तुलना ‘हिटलर के शासन’ से की। उन्होंने सवाल उठाया कि छात्रों के इतने बड़े आंदोलन के बावजूद केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने अब तक इस्तीफा क्यों नहीं दिया।
शिवम पांडेय इससे पहले भी पेपर लीक और निजी स्कूलों की कथित मनमानी जैसे मुद्दों को लेकर अभियान चलाते रहे हैं। अब उन्होंने जंतर-मंतर पहुंचकर CJP के आंदोलन को समर्थन देते हुए छात्रों की मांगों पर सरकार से कार्रवाई की मांग की है।
Balrampur, Balrampur | Jul 24, 2026