जालौन: एसडीएम के निरीक्षण में कोल्ड स्टोरेज में मिलीं गंभीर खामियां, डीएम को भेजी गई रिपोर्ट
जालौन। उप जिलाधिकारी द्वारा 23 जून 2026 को तहसील क्षेत्र के कोल्ड स्टोरेजों का संयुक्त निरीक्षण किया गया, जिसकी रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी गई है। निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
रिपोर्ट के अनुसार, बेतवा आइस एंड कोल्ड स्टोरेज, भिटारा में निरीक्षण के समय हाईड्रेंट लाइन सही तरीके से कार्य नहीं कर रही थी। आवश्यक अभिलेख मौके पर उपलब्ध नहीं कराए गए तथा निरीक्षण के दौरान विवाद की स्थिति बनने पर टीम ने अगली बार वीडियोग्राफी के साथ निरीक्षण करने का निर्णय लेते हुए 15 दिन का समय दिया।
वहीं मिथिला कोल्ड स्टोरेज भिटारा में शासनादेश के विपरीत एक रैक में निर्धारित 6 बोरियों की जगह 10 बोरियां रखी मिलीं। ड्राई बल्ब थर्मामीटर, फायर पंप, अग्निशमन उपकरण और वी-सेट उपलब्ध नहीं पाए गए। अमोनिया प्लांट की टेस्टिंग, इंसुलेशन व प्रिवेंटिव मेंटेनेंस से जुड़े दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किए गए। इसके अलावा निर्माण संबंधी स्वीकृत प्लान और अधिकृत इंजीनियर/आर्किटेक्ट का प्रमाणपत्र भी मौके पर उपलब्ध नहीं मिला। निरीक्षण में यह भी पाया गया कि कोल्ड स्टोरेज के दरवाजों पर रैंप निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं बनाए गए हैं।
संयुक्त निरीक्षण दल ने सभी बिंदुओं का उल्लेख करते हुए विस्तृत रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेज दी है। अब संबंधित अनियमितताओं पर प्रशासनिक कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
#bundelkhandbulletin #jalaun
Jalaun, Jalaun | Jun 26, 2026