बागपत में सनसनीखेज वारदात: आठ साल पहले की थी लव मैरिज, अब पत्नी की हत्या
बागपत के रटौल क्षेत्र के खैला गांव में शनिवार को घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। पुलिस के अनुसार, राहुल ने अपनी पत्नी मनीषा (26) की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सका। करीब आधे घंटे बाद उसने खुद डायल-112 पर फोन कर पुलिस को घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक राहुल और मनीषा ने करीब आठ साल पहले हरिद्वार में प्रेम विवाह किया था। दोनों के दो बच्चे हैं। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मनीषा पिछले चार साल से बंगलूरु में रह रही थी। वह शुक्रवार को बेटी को अपने साथ ले जाने के लिए गांव आई थी और रविवार को वापस जाने की तैयारी में थी।
शनिवार को बेटी को साथ ले जाने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। पुलिस के मुताबिक इसी विवाद के दौरान राहुल ने मनीषा पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
एसपी के अनुसार आरोपी को पत्नी के बंगलूरु में किसी अन्य व्यक्ति के साथ रहने का शक था और उसे डर था कि बेटी को ले जाने के बाद मनीषा वापस नहीं आएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
#Baghpat #BaghpatNews #CrimeNews #KhailaVillage #UPPolice #BreakingNews
Baghpat, Bagpat | Jun 21, 2026