कल्पनाथ राय मेडिकल कॉलेज को मिली 50 MBBS सीटों की सौगात, मऊ में चिकित्सा शिक्षा को मिली नई उड़ान।
मऊ। चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में मऊ जिले के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। कल्पनाथ राय इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल कॉलेज को MBBS पाठ्यक्रम में 50 सीटों पर प्रवेश की मंजूरी मिल गई है। इस उपलब्धि की जानकारी मिलते ही मेडिकल कॉलेज परिसर में खुशी की लहर दौड़ गई। कॉलेज प्रशासन, चिकित्सकों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने एक-दूसरे को बधाई देकर इस उपलब्धि पर खुशी जताई।
मेडिकल कॉलेज के निदेशक डॉ. मनीष राय ने कहा कि 50 MBBS सीटों की मंजूरी के साथ स्वर्गीय कल्पनाथ राय का सपना साकार हुआ है। उन्होंने कहा कि इस मंजूरी से मऊ के साथ ही आसपास के जिलों के विद्यार्थियों को भी चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा। अब विद्यार्थियों को MBBS की पढ़ाई के लिए दूसरे बड़े शहरों का रुख करने की जरूरत कम होगी।
मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. धरमाराय इंगले ने कहा कि MBBS की सीटें मिलने से मऊ और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए चिकित्सा शिक्षा का नया रास्ता खुलेगा। आने वाले समय में यहां से प्रशिक्षित होने वाले चिकित्सक क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
बता दें कि मेडिकल कॉलेज को मंजूरी मिलने से पहले बीते 19 जून को राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग की टीम ने कल्पनाथ राय इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस का निरीक्षण किया था। टीम ने कॉलेज में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, अस्पताल की व्यवस्थाओं, विभागवार संसाधनों, चिकित्सकों और कर्मचारियों की उपलब्धता समेत विभिन्न मानकों का बारीकी से जायजा लिया था। निरीक्षण के दौरान ओपीडी, वार्ड, ओटी, जांच केंद्र, आईसीयू, इमरजेंसी सहित अन्य चिकित्सा सुविधाओं का भी निरीक्षण किया गया था।
50 MBBS सीटों की मंजूरी मिलने के बाद मेडिकल कॉलेज से जुड़े चिकित्सकों, शिक्षकों, कर्मचारियों और शुभचिंतकों ने कॉलेज प्रशासन को बधाई दी। इसी क्रम में निदेशक डॉ. मनीष राय के आगमन पर डॉ. अभिनव मिश्रा, डॉ. पीयूष मिश्रा, चंदन यादव, डॉ. अमित यादव, डॉ. शाजिया, डॉ. अमृता, डॉ. प्रियंका, डॉ. गीतांजलि, डॉ. जितेंद्र, डॉ. सुमित आर्या, डॉ. राकेश मद्धेशिया समेत अन्य लोगों ने बुके देकर उनका स्वागत किया।
मेडिकल कॉलेज प्रशासन का कहना है कि गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। MBBS की 50 सीटों की स्वीकृति इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे मऊ की चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में पहचान और मजबूत होने की उम्मीद है।
#maunews #krimsmau #kalpanathrai #medicalequipment #prakashhospitalmau