दूध एकत्रीकरण केंद्रों व डेयरियों से 5 दूध के नमूने लिए दूध की गुणवत्ता जांच का विशेष अभियान जारी
सलूंबर, राज्य सरकार के "शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान" के तहत आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण, राजस्थान जयपुर श्रीमती टी. शुभ मंगला के निर्देशानुसार तथा जिला कलेक्टर श्री मोहम्मद जुनैद पी.पी. एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार परमार के निर्देशन में ऋतु परिवर्तन को देखते हुए दूध की गुणवत्ता जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत जिले के दूध एकत्रीकरण केंद्रों, डेयरियों एवं दूध विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूने लिए जा रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी घनश्याम सिंह सोलंकी एवं उनकी टीम ने केवड़ा स्थित केवड़ा दूध डेयरी तथा जय मुलेश्वरी डेयरी का निरीक्षण कर दूध के नमूने लिए।
इसके पश्चात टीम ने धावड़िया स्थित दूध एकत्रीकरण केंद्र का निरीक्षण किया। इस केंद्र से पूर्व में लिया गया दूध का नमूना अमानक स्तर का पाया गया था, जिसके संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए माननीय न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया जा चुका है। अभियान के दौरान उक्त केंद्र से पुनः दूध का नमूना लिया गया।
इसके बाद टीम ने सलूंबर स्थित मैसर्स हरि ओम दूध डेयरी एवं मैसर्स राजस्थान दूध डेयरी से भी दूध के नमूने लिए। अभियान के दौरान कुल 5 दूध के नमूने एकत्रित कर जांच हेतु जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के अनुसार संबंधित फर्मों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अभिहित अधिकारी (खाद्य सुरक्षा) एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार परमार ने बताया कि ऋतु परिवर्तन के दौरान आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त दूध एवं खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरीक्षण एवं नमूनीकरण की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने सभी खाद्य कारोबारकर्ताओं को खाद्य अनुज्ञा पत्र (लाइसेंस) बनवाकर प्रतिष्ठान पर प्रदर्शित करने, खाद्य सामग्री खुले में नहीं बेचने तथा खाद्य पदार्थों के निर्माण में उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री का उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी घनश्याम सिंह सोलंकी, प्रशिक्षु खाद्य सुरक्षा अधिकारी राकेश पुष्करणा एवं निशा मीना तथा सहायक शूरवीर सिंह उपस्थित रहे।
--0--
Badgaon, Udaipur | Jul 25, 2026