पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह की पहल पर जिलेभर में पुलिस का विद्यार्थियों से संवाद
*सभी वृत्ताधिकारी एवं थानाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र के स्कूलों व कॉलेजों में पहुंचकर साइबर अपराध, कानून, महिला सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक*
चित्तौड़गढ़, 25 जुलाई 2026। जिला पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह की पहल पर जिले के समस्त वृत्ताधिकारी (डीवाईएसपी) एवं थानाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव, कानूनों की सामान्य जानकारी, महिला एवं बाल सुरक्षा, नशामुक्ति, यातायात नियमों, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा नागरिक कर्तव्यों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रमों के दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों को डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, ऑनलाइन निवेश ठगी, ओटीपी एवं बैंकिंग जानकारी साझा करने के जोखिम, सोशल मीडिया के दुरुपयोग तथा अन्य साइबर अपराधों से बचने के उपाय बताए। साथ ही साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन एवं राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यार्थियों को यातायात नियमों के पालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग, नशीले पदार्थों से दूर रहने, महिला सम्मान एवं सुरक्षा, बाल अधिकारों तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका के बारे में भी जागरूक किया गया। कार्यक्रमों में विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली, आपातकालीन सेवाओं एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में आमजन की सहभागिता पर भी चर्चा की गई।
जिला पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि युवाओं को जागरूक एवं कानून के प्रति संवेदनशील बनाना जिला पुलिस की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से जिले के सभी वृत्ताधिकारी एवं थानाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के स्कूलों एवं कॉलेजों में नियमित रूप से संवाद एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि विद्यार्थी साइबर अपराधों सहित अन्य सामाजिक बुराइयों से सुरक्षित रहकर समाज में जागरूकता का संदेश प्रसारित कर सकें।