जंतर-मंतर लाठीचार्ज के विरोध में उदयपुर में भीम आर्मी का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
उदयपुर, 25 जुलाई। नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में शनिवार को उदयपुर में भीम आर्मी भारत एकता मिशन, भारत की जनवादी नौजवान सभा एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने आक्रोश प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया गया तथा जिला कलक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
भीम आर्मी के जिला प्रवक्ता अनिल पणोंर ने बताया कि संगठन प्रमुख चंद्रशेखर आजाद के आह्वान पर देशभर में जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन कर ज्ञापन दिए जा रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा बल प्रयोग लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है।
ज्ञापन में जंतर-मंतर पर बल प्रयोग करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, घायल छात्रों को चिकित्सा सहायता व मुआवजा, लाठीचार्ज के दौरान बिना वर्दी मौजूद लोगों की निष्पक्ष जांच तथा छात्रों की मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस दौरान भीम आर्मी के प्रदेश उपाध्यक्ष लाला मेघवाल, जिला अध्यक्ष कुंदन खोकावत, संभाग मीडिया प्रभारी रवि मेघवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रोशन मेघवाल, महासचिव ओमप्रकाश मेघवाल सहित भारत की जनवादी नौजवान सभा एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।