भारत दर्शन से विद्यार्थियों को देश की विविधता और विकास समझने का मिलेगा अवसर: धामी
कीर्तिनगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों को देश की विविधता, इतिहास, संस्कृति, विज्ञान, तकनीक और विकास को करीब से समझने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है। ऐसे अनुभव विद्यार्थियों के ज्ञान और दृष्टिकोण को व्यापक बनाने में सहायक होते हैं।
कीर्तिनगर के स्वामी मन्मथन प्रेक्षागृह में आयोजित मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण के 10वें संस्करण के तहत भ्रमण पर जाने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों से मुलाकात की। इस दौरान विधायक देवप्रयाग विनोद कंडारी ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी यात्रा और तैयारियों की जानकारी ली तथा उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों से भ्रमण के दौरान विभिन्न क्षेत्रों की विशेषताओं को समझने, वहां की उपलब्धियों से सीखने और अपने अनुभव दूसरों से साझा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने भारत दर्शन पहल के लिए विधायक विनोद कंडारी को बधाई देते हुए कहा कि लगातार 10 वर्षों तक इस तरह की योजना संचालित करना बड़ी उपलब्धि है। इससे विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित हुई है और वे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष करीब 1000 विद्यार्थियों को भारत भ्रमण का अवसर मिल रहा है, जिसे भविष्य में 2000 तक बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
भारत दर्शन के 10वें संस्करण में देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के 68 मेधावी छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक 16 सितंबर को रवाना होंगे। भ्रमण के दौरान वे विभिन्न ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, शैक्षिक स्थलों और प्रमुख संस्थानों का अवलोकन करेंगे।
कार्यक्रम में कनकलता, आयुष, प्रियांशु और राघव केंतुरा को उत्कृष्ट लेखन के लिए सम्मानित किया गया। विधायक विनोद कंडारी समेत जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।