265 किलो की डेडलिफ्ट लगाकर श्रीनगर के आशु तोमर ने जीता गोल्ड मेडल
श्रीनगर। दिल्ली के पीतमपुरा स्थित दिल्ली हाट में 8 से 11 सितंबर तक आयोजित नेशनल पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में श्रीनगर के आशु तोमर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। प्रतियोगिता में उन्होंने 265 किलोग्राम की दमदार डेडलिफ्ट लगाकर अपनी ताकत और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
आशु के इस प्रदर्शन ने न केवल उन्हें प्रतियोगिता में शीर्ष स्थान दिलाया, बल्कि श्रीनगर और क्षेत्र का नाम भी राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया। उनकी उपलब्धि से क्षेत्र के खेल प्रेमियों और युवाओं में खुशी का माहौल है।
आशु ने बताया कि इस मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्होंने नियमित अभ्यास, अनुशासन और कड़ी मेहनत को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाया। उनका लक्ष्य भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर और बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपने क्षेत्र का नाम और ऊंचा करना है।
आशु की इस उपलब्धि को क्षेत्र के लोगों ने युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया है। उनका कहना है कि सीमित संसाधनों के बावजूद निरंतर मेहनत और मजबूत इच्छाशक्ति के दम पर युवा खेलों में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।