#मतगणना_स्थल_को_लेकर_जानकारी..
भरतपुर। नगर निगम चुनाव-2026 की मतगणना 14 सितंबर को राजकीय महिला पॉलीटेक्निक महाविद्यालय में प्रातः 8 बजे से आयोजित की जाएगी। मतगणना को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक यातायात व्यवस्था लागू की है। प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार मतगणना स्थल परिसर में केवल राज्य निर्वाचन आयोग के पर्यवेक्षकों, पुलिस महानिरीक्षक, जिला मजिस्ट्रेट, जिला पुलिस अधीक्षक, भरतपुर विकास प्राधिकरण आयुक्त, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, रिटर्निंग अधिकारी, मेडिकल टीम की एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा विशेष रूप से अधिकृत वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। तय ट्रैफिक प्लान के मुताबिक मतगणना ड्यूटी में तैनात अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों के दोपहिया वाहनों की पार्किंग गोकुल वर्मा राजकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय में रहेगी, जबकि चौपहिया वाहनों को मेडिकल कॉलेज के पास SPZ की 160 फीट रोड पर पार्क करना होगा। उम्मीदवारों, निर्वाचन अभिकर्ताओं और मतगणना अभिकर्ताओं के सभी दोपहिया और चौपहिया वाहनों की पार्किंग व्यवस्था लटूरिया वाले हनुमान जी के रास्ते से होते हुए SPZ योजना में की गई है। इसके अलावा, एनएच-21 पर गोकुल वर्मा राजकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय के कट से सेवर तिराहे (हरिदत्त डिग्री कॉलेज) तक यातायात व्यवस्था को पूरी तरह एकतरफा (वन-वे) रखा जाएगा।