नगर पालिका क्षेत्र में आवारा कुत्ते का आतंक, पांच लोगों को काटने की सूचना!!
रुद्रप्रयाग नगर पालिका क्षेत्र में एक आवारा कुत्ते द्वारा पांच लोगों को काटे जाने की सूचना से लोगों में दहशत का माहौल बन गया। मामले का संज्ञान लेते हुए मंगलवार 25 अगस्त को नगर पालिका अध्यक्ष के नेतृत्व में पालिका की टीम गठित कर कुत्ते को पकड़ने के लिए अभियान चलाया गया।
नगर पालिका की टीम ने कार्रवाई करते हुए आवारा कुत्ते को वार्ड नंबर-7 रैंतोली क्षेत्र से पकड़ लिया। कुत्ते के पकड़े जाने के बाद नगर पालिका प्रशासन ने आमजन से सतर्कता बरतने की अपील की है।
पालिका की ओर से लोगों से अनुरोध किया गया है कि वे आसपास आवारा कुत्तों की मौजूदगी को लेकर सावधान रहें और बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। किसी भी प्रकार की शिकायत अथवा सूचना होने पर नगर पालिका द्वारा जारी संबंधित संपर्क नंबरों पर जानकारी दी जा सकती है।