कलेक्टर के निर्देशन में एसडीएम ने आबकारी दल के साथ मदिरा दुकान का किया निरीक्षण, स्टॉक एवं दस्तावेजों की जांच
अधिकृत दुकान से ही मदिरा क्रय करने की दी समझाइश
-------
कलेक्टर श्री मृणाल मीना के निर्देशन में गौरिहार एसडीएम विजय डेहरिया ने आबकारी दल के साथ गौरिहार क्षेत्र की मदिरा दुकान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दुकान में उपलब्ध मदिरा के स्टॉक का भौतिक सत्यापन कर अभिलेखों में दर्ज स्टॉक से मिलान किया गया। साथ ही दुकान संचालन से संबंधित लाइसेंस, आवश्यक दस्तावेजों एवं अन्य वैधानिक अभिलेखों की बारीकी से जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकान पर उपस्थित कर्मचारियों एवं आमजन को मदिरा का क्रय केवल अधिकृत दुकानों से ही करने की सलाह दी। साथ ही बताया कि बोतल पर लगे होलोग्राम, सील एवं अन्य सुरक्षा चिह्नों की जांच अवश्य करें। अवैध, नकली अथवा अमानक मदिरा के सेवन से बचें तथा ऐसी गतिविधियों की सूचना तत्काल आबकारी विभाग को दें।
निरीक्षण में पाई गई कमियों के संबंध में आबकारी उपनिरीक्षक वृत्त लवकुशनगर को नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही दुकान के लाइसेंसी को दुकान परिसर एवं आसपास नियमित साफ-सफाई रखने और स्वच्छता के साथ व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
105 views | Chhatarpur, Madhya Pradesh | Nov 19, 2026