राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शकोली में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित
विधायक अनुराधा राणा ने मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित,
स्कूल की छत व अन्य मुरम्मत कार्य के लिए 12.50 लाख रुपये स्वीकृत, विद्यालय को एक लाख रुपये देने की घोषणा
Kullu Times
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शकोली में रविवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। समारोह का शुभारंभ लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के आगमन एवं पारंपरिक स्वागत के साथ किया गया। इसके पश्चात दीप प्रज्ज्वलन, सरस्वती वंदना तथा अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान के बाद विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। पाठशाला के प्रधानाचार्य रणवीर सिंह ने स्वागत भाषण के साथ विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा वर्षभर की शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियों और उपलब्धियों का विवरण दिया।
समारोह के दौरान अंडर-14 छात्राओं ने लोक नृत्य प्रस्तुत किया। इसके अतिरिक्त मानवी ने लाहौली नृत्य तथा विद्यार्थियों ने पंजाबी लोक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी। विद्यालय के छात्रों ने समूह गान प्रस्तुत किया। वहीं प्राथमिक पाठशाला शकोली के नन्हे विद्यार्थियों ने भी नृत्य प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया। विद्यार्थियों ने लेजियम डांस के माध्यम से भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान पर आधारित नाटक प्रस्तुत कर समाज को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर शैक्षणिक एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में विधायक अनुराधा राणा ने विद्यालय के प्रधानाचार्य, स्कूल प्रशासन, एसएमसी सदस्यों, वरिष्ठ प्रवक्ताओं तथा पत्रकारों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शकोली विद्यालय ने शिक्षा, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, जिसके लिए विद्यालय प्रशासन एवं प्रधानाचार्य बधाई के पात्र हैं। उन्होंने समारोह में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए विशेष रूप से छात्राओं के साथ-साथ छात्रों को भी प्रत्येक गतिविधि में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
विधायक ने लाहौली नृत्य प्रस्तुत करने वाली मानवी की विशेष रूप से प्रशंसा करते हुए अन्य विद्यार्थियों को भी उससे प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं को सकारात्मक भावना से लेते हुए उनसे सीखना चाहिए और निरंतर आगे बढ़ने का प्रयास करना चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति को अपने कार्यक्षेत्र में ईमानदारी एवं सच्ची निष्ठा के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने महात्मा ज्योतिबा फुले के जीवन एवं विचारों का उदाहरण देते हुए विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व से अवगत करवाया तथा आत्मचिंतन कर अपनी प्रतिभा और रुचि को पहचानने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को जीवन में यह स्पष्ट होना चाहिए कि वे भविष्य में क्या बनना चाहते हैं। इसके लिए ज्ञान अर्जित करना और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से एक अच्छा इंसान बनने, माता-पिता एवं शिक्षकों द्वारा दिए गए संस्कारों और मूल्यों का सम्मान करने तथा ऐसा कार्य करने का आह्वान किया, जिससे उनके माता-पिता एवं अध्यापकों को उन पर गर्व हो। उन्होंने कहा कि शकोली विद्यालय सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है और साथ ही उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने में हमें आगे बढ़ना है।
उन्होंने नशा मुक्त समाज का आह्वान करते हुए कहा कि बच्चों एवं युवाओं को स्वयं नशे से दूर रहना चाहिए और अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना चाहिए। नशे के विरुद्ध अभियान राज्य सरकार की भी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को नशे से संबंधित गतिविधियों की जानकारी मिलती है तो वह प्रशासन को इसकी सूचना दे सकता है। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी का भविष्य सुरक्षित रखने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। इस दिशा में महिला मंडलों एवं युवक मंडलों की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर विधायक ने विद्यालय की छत बदलने, अन्य मुरम्मत कार्य के लिए 12.50 लाख रुपये की राशि स्वीकृत किए जाने की जानकारी देते हुए कहा कि इसका कार्य शीघ्र शुरू करवाया जाएगा। इसके अतिरिक्त उन्होंने विद्यालय को अपनी ओर से सांस्कृतिक गतिविधियों सहित अन्य कार्यों के लिए एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
अंत में विधायक ने समारोह के सफल आयोजन के लिए विद्यालय परिवार, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया तथा विद्यार्थियों को अपने निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए निरंतर मेहनत करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए शुभकामनाएं दीं।
समारोह में उदयपुर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अनिल ठाकुर, राजेश प्रधान (उदयपुर), समिति सदस्य कंचन ठाकुर, शकोली प्रधान सुमनलता, विधायक के निजी सहायक लक्की राणा, रंजीत (जिला परिषद सदस्य, त्रिलोकीनाथ), पूर्व प्रधान जगदीश, शकोली उपप्रधान दौलतराम, मीडिया समन्वयक राहुल सहित विद्यालय के शिक्षक एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। Anuradha Rana
Kullu, Kullu | Nov 29, 2026