जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार एडीएम सिटी ने ली समीक्षा बैठक*
*जल व विद्युत आपूर्ति, मौसमी बीमारियों से बचाव एवं स्वच्छता व्यवस्था के संबंध में बैठक लेकर दिये आवश्यक दिशा निर्देश*
भीलवाड़ा:राजकुमार गोयल , 3 अगस्त जिले में पेयजल, बिजली आपूर्ति , मौसमी बीमारियों से बचाव और स्वच्छता व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार अतिरिक्त जिला कलेक्टर सिटी श्रीमती प्रतिभा देवटिया की अध्यक्षता में सोमवार को पीएचईडी कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पीएचईडी, एवीवीएनएल और नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि आमजन के लिए पानी, बिजली की सुचारू सुविधा एवं उचित साफ़ - सफाई व्यवस्था में कोई परेशानी न हो।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने पीएचईडी के अधिकारियों को ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में समय पर पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने, खराब हैंडपंप और ट्यूबवेल की मरम्मत तेज करने को कहा। बैठक में जिला कलेक्टर ने एवीवीएनएल के अधिकारियों को समपर्क पोर्टल पर दर्ज उच्च शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।
एडीएम ने नगर निगम को शहर की गुणवत्ता पूर्वक रूप से साफ सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए साथ ही बारिश के कारण जिन भी इलाकों में जलभराव की समस्या सामने आई है उन स्थानों पर नालों और ड्रेनेज सिस्टम की समय पर सफाई करवाई जाए और जलभराव वाले क्षेत्रों में पानी के निकास की उपयुक्त व्यवस्था रखने को कहा ।
उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से मौसमी बीमारियों के संबंध में समीक्षा करते हुए कहा कि मलेरिया डेंगू सहित इत्यादि से बचाव हेतु समस्त आवश्यक कार्य पूर्ण करें।उनके कहा कि सभी विभाग समन्वय बनाकर काम करें और जनता को राहत पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता रहे।
इस दौरान जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता धनपत राज सोनी वृत्त भीलवाड़ा, एवं परियोजना के अधीक्षण अभियंता विनोद कुमार गर्ग, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी संजीव शर्मा एवं एवीवीएनएल अधीक्षण अभियंता ओपी खटोड़ सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।
-