इस्कॉन मंदिर में तीन दिवसीय जन्माष्टमी कार्यक्रम शुरू, रात 12 बजे जन्म लेंगे कान्हा, फूलों से महकी उज्जैन नगरी, होगी आतिशबाजी
शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।
उज्जैन/-महाकाल की पावन नगरी उज्जैन में भगवान कृष्ण के जन्मोत्सव का पावन पर्व आज से धूमधाम से शुरू हो गया है, जहाँ इस्कॉन मंदिर में तीन दिवसीय भव्य महाउत्सव का आगाज हो चुका है। इस्कॉन मंदिर के पीआरओ राघव पंडित दास ने बताया कि पहले ही दिन से शहर की फिजा पूरी तरह कृष्णमय हो गई है और जगह-जगह भक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा है। आज शाम फ्रीगंज टावर चौक से विराट संकीर्तन यात्रा निकाली गई, जिसमें ढोल-मंजीरों की थाप पर भक्त झूमते नजर आए।
इस बार मंदिर परिसर को विदेशी और रंग-बिरंगे फूलों के साथ ही स्वादिष्ट फलों से बेहद मनमोहक तरीके से सजाया गया है, जिससे पूरा परिसर अलौकिक महक से महक उठा है। कल यानी मुख्य पर्व के दिन भोर की मंगला आरती से लेकर कार्यक्रमों का दौर शुरू होगा, जहाँ श्रद्धालुओं को खुद अपने हाथों से कान्हा का अभिषेक करने का दुर्लभ सौभाग्य मिलेगा।
कल रात ठीक बारह बजे जैसे ही भगवान का प्राकट्य होगा, आसमान अत्याधुनिक आतिशबाजी और दिलकश पायरो लाइटिंग से जगमगा उठेगा। इसके बाद अंतिम दिन नंदोत्सव और इस्कॉन संस्थापक की जयंती पर साधु-संतों का सम्मान होगा और विशाल महाप्रसाद का महाभंडारा खुलेगा, जिसमें हजारों भक्त प्रसादी ग्रहण करेंगे।