उज्जैन में श्रीकृष्ण मित्रविन्दा धाम पर सजेगा जन्माष्टमी का दरबार: दिल्ली के गायक बिखेरेंगे सुर, रात बारह बजे होगी महाआरती
शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।
उज्जैन/-उज्जैन में भगवान श्रीकृष्ण के ससुराल के रूप में खासी ख्याति प्राप्त भैरवगढ़ रोड स्थित श्री कृष्ण मित्रविन्दा धाम पर इस बार जन्माष्टमी का पर्व बेहद भव्य और अलौकिक अंदाज में मनाया जाएगा। परमपूज्य श्री शंकर गुरुजी बालक की प्रेरणा से आयोजित होने वाले इस विराट धार्मिक अनुष्ठान को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं, जहां चार सितंबर शुक्रवार को दिनभर भक्तों का तांता लगा रहेगा।
पंडित गिरीश गुरुजी ने बताया कि उत्सव की शुरुआत दोपहर बारह बजे भगवान श्रीकृष्ण के पावन अभिषेक के साथ होगी, जिसके बाद शाम छह बजे से भक्त अलौकिक दर्शन लाभ ले सकेंगे। इस आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण शाम सात बजे से शुरू होने वाली भजन संध्या होगी, जिसमें दिल्ली के प्रसिद्ध भजन गायक रितिक गुप्ता अपनी सुरीली आवाज से कान्हा के भजनों की ऐसी बयार बहाएंगे कि पूरा पंडाल भक्ति रस में सराबोर हो जाएगा। इस दौरान श्रद्धालुओं के लिए विशेष फलहारी भंडारे का भी महाआयोजन रखा गया है।
भविष्य गुरुजी ने बताया कि इस पावन पर्व पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं को सुख-शांति और समृद्धि की कामना के साथ कान्हा के प्रिय प्रतीक मोर पंख का प्रसाद वितरित किया जाएगा। वहीं, ठीक रात्रि बारह बजे भगवान के जन्मोत्सव पर प्राकट्य महाआरती की जाएगी, जिसके साथ ही पूरा धाम नन्द के आनंद भयो जय कन्हैया लाल की के जयकारों से गूंज उठेगा। आयोजन समिति ने शहर के सभी धर्मप्रेमियों से परिवार सहित इस दिव्य महोत्सव में शामिल होने की अपील की है।