सामरा, रनुहकोठी, जगत, उरई और घटोर के ग्रामीणों ने उठाई स्थायी समाधान की मांग
भरमौर।
गरोला विद्युत उपमंडल के अंतर्गत आने वाले सामरा, रनुहकोठी, जगत, उरई और घटोर क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की बदहाल व्यवस्था को लेकर लोगों में भारी रोष व्याप्त है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि विभागीय लापरवाही के चलते क्षेत्र में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और हल्की बारिश होते ही बिजली आपूर्ति ठप हो जाती है।
ग्रामीणों का कहना है कि दो-चार बूंद बारिश गिरने के बाद ही बिजली गुल हो जाती है और कई-कई दिनों तक आपूर्ति बहाल नहीं हो पाती। इससे क्षेत्र के लोगों को अंधेरे में जीवन यापन करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। विद्यार्थियों की पढ़ाई, किसानों के कार्य, छोटे व्यापारियों का कारोबार तथा दैनिक जीवन से जुड़े अनेक कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि वर्तमान समय में बिजली केवल एक सुविधा नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार और रोजगार से जुड़ी एक बुनियादी आवश्यकता बन चुकी है। इसके बावजूद विभाग की उदासीनता के कारण क्षेत्रवासियों को बार-बार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों और बिजली विभाग से मांग की है कि समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा क्षेत्र में निर्बाध और विश्वसनीय बिजली आपूर्ति बहाल की जाए।