उरई में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, युवक गंभीर घायल; गुस्साई भीड़ ने दूसरे चालक की पिटाई, वीडियो वायरल
उरई (जालौन): जालौन के उरई शहर में बुधवार रात शहीद भगत सिंह चौराहे पर दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक युवक घायल हो गया, जबकि दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने दूसरे बाइक चालक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। मारपीट का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बाइकें तेज रफ्तार से चौराहे की ओर आ रही थीं। इसी दौरान आमने-सामने की टक्कर में एक बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गया। हादसा होते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर जुट गए। घायल युवक की हालत देखकर कुछ लोग आक्रोशित हो गए और दूसरे बाइक चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही उरई कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उसका उपचार जारी है। वहीं, भीड़ को हटाकर यातायात व्यवस्था भी सामान्य कराई गई।
पुलिस कर रही दोनों मामलों की जांच: उरई कोतवाली पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटना और उसके बाद हुई मारपीट, दोनों घटनाओं की अलग-अलग जांच की जा रही है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को भी जांच के दायरे में लिया गया है। जांच के आधार पर जो भी व्यक्ति दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद कुछ समय तक शहीद भगत सिंह चौराहे पर तनावपूर्ण माहौल बना रहा, हालांकि पुलिस की मौजूदगी से स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई।
#orai #jalaun #konch #kalpi #madhaugadh
Orai, Jalaun | Jul 30, 2026