चित्रों में उतारा स्वच्छ और हरित दीपावली का संदेश
गोविंदपुरी स्कूल में विद्यार्थियों ने ड्राइंग प्रतियोगिता के माध्यम से दिया स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण का संदेश
यमुनानगर। दीपावली पर्व के उपलक्ष्य में नगर निगम की स्वच्छ भारत मिशन टीम द्वारा वार्ड नंबर 22 स्थित राजकीय उच्च विद्यालय गोविंदपुरी में स्वच्छ दीपावली थीम पर ड्राइंग एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया और रंगों के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा हरित दीपावली का संदेश दिया।
नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देशों पर आयोजित इस कार्यक्रम में स्वच्छ भारत मिशन शहरी के विशेषज्ञ आकाश कुमार और गगन बेनीवाल ने विद्यार्थियों को दीपावली का त्योहार स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल तरीके से मनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों को प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने, आसपास साफ-सफाई बनाए रखने तथा पर्यावरण को प्रदूषण से बचाने के महत्व के बारे में जानकारी दी। विद्यार्थियों ने अपनी ड्राइंग के माध्यम से पटाखों से होने वाले प्रदूषण से बचने, स्वच्छ वातावरण बनाए रखने और प्रकृति के संरक्षण जैसे विषयों को खूबसूरती से प्रस्तुत किया। विशेषज्ञों ने बच्चों को समझाया कि त्योहारों की खुशियां तभी सार्थक हैं, जब हम अपने पर्यावरण और आसपास की स्वच्छता का भी ध्यान रखें।
विशेषज्ञ आकाश कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश घर-घर तक पहुंचाया जा सकता है। इस प्रकार की गतिविधियों का उद्देश्य बच्चों में बचपन से ही स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच विकसित करना है। नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने शहरवासियों से अपील की कि वे इस दीपावली पर प्लास्टिक से परहेज करें और स्वच्छ, सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल दीपावली मनाकर स्वच्छ शहर के निर्माण में सहयोग दें।
फोटो कैप्शन - प्रतियोगिता में हिस्सा लेते विद्यार्थी।