गुरु अर्जुन देव साहिब जी के शहीदी दिवस पर रामगढ़ में मीठे पानी की छबील, हजारों राहगीरों ने पिया ठंडा शरबत
सिखों के पांचवें गुरु, गुरु अर्जुन देव के शहीदी दिवस के अवसर पर गुरुवार को रामगढ़ में खत्री पंजाबी समाज की ओर से मीठे पानी एवं शरबत की छबील लगाई गई। यह छबील रामगढ तहसील रंगमंच मंच पर लगाई गई।भीषण गर्मी के बीच आयोजित इस सेवा कार्य में हजारों राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय लोगों ने ठंडा मीठा पानी पीकर राहत महसूस की।
कार्यक्रम के दौरान समाज के लोगों ने श्रद्धा एवं सेवा भाव के साथ राहगीरों को शरबत वितरित किया। राकेश सतीजा उर्फ रिंपी ने बताया कि गुरु अर्जुन देव साहिब का जीवन मानवता, सेवा, त्याग और धार्मिक सहिष्णुता का प्रतीक रहा है। उनके शहीदी दिवस पर छबील लगाकर लोगों की सेवा करना सिख परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
भीषण गर्मी को देखते हुए सुबह से ही छबील स्थल पर लोगों की भीड़ लगी रही। राहगीरों ने समाज की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में इस प्रकार की सेवा लोगों को बड़ी राहत प्रदान करती है। कार्यक्रम में समाज सेवी अनिल जैन,उपेंद्र ओबेराय,श्याम लाल मुखीजा,मनोज सैनी,बिन्नी अरोडा,कमल माटा इत्यादि युवाओं, वरिष्ठ सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और सेवा कार्य में अपना योगदान दिया।
खत्री पंजाबी समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि समाज द्वारा समय-समय पर धार्मिक एवं सामाजिक सेवा कार्य आयोजित किए जाते हैं। भविष्य में भी जनसेवा के ऐसे कार्यक्रम जारी रहेंगे। इस अवसर पर समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे और गुरु अर्जुन देव साहिब को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
Alwar, Alwar | Jun 18, 2026