दिल्ली में छात्राओं को जबरन कार में खींचने की कोशिश!
सड़क पर कार सवार चार युवकों की कथित दबंगई... पहले गाली-गलौज और अश्लील टिप्पणियां, फिर छात्राओं को गाड़ी में बैठाने की कोशिश! इतना ही नहीं, वहां से निकलने के बाद भी आरोपियों ने छात्राओं का पीछा किया। और जब पीड़ित छात्राएं शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंचीं, तो एक नहीं... दो नहीं... तीन थानों के चक्कर काटने पड़े!
मामला उत्तर दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके का है। घटना बुधवार रात करीब साढ़े 9 बजे की बताई जा रही है। हिंदू कॉलेज की दो छात्राएं हकीकत पार्क के पास पैदल जा रही थीं। इसी दौरान टाटा सफारी में सवार चार युवकों से उनकी कहासुनी हो गई।
आरोप है कि कहासुनी के बाद चारों युवकों ने छात्राओं के साथ गाली-गलौज और आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। छात्राओं ने वहां से निकलने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि युवकों ने उन्हें जबरन कार में खींचने की कोशिश की।
दोनों छात्राएं किसी तरह वहां से निकल पाईं। लेकिन आरोप है कि कार सवार युवकों ने उनका पीछा भी किया।
इसके बाद छात्राएं शिकायत दर्ज कराने मॉरिस नगर थाने पहुंचीं। छात्राओं का आरोप है कि वहां उन्हें बताया गया कि मामला उस थाने के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। इसके बाद वे मॉडल टाउन थाने पहुंचीं, लेकिन वहां भी कथित तौर पर उन्हें यही जवाब मिला।
आखिरकार छात्राएं मुखर्जी नगर थाने पहुंचीं, जहां एक छात्रा की लिखित शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई।
अब पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई तेज कर दी है। उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव के मुताबिक, चारों आरोपियों की पहचान कर ली गई है। पुलिस ने उस टाटा सफारी को भी बरामद कर लिया है, जिसका इस्तेमाल घटना में किया गया था।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। अब जांच के बाद घटना की पूरी तस्वीर और सामने आने की उम्मीद है।
#दिल्ली #मुखर्जीनगर #दिल्लीक्राइम #दिल्लीपुलिस #छात्राओंकीसुरक्षा #छात्राओंसेछेड़छाड़ #छात्राओंकोखींचनेकीकोशिश #महिलासुरक्षा #महिलासुरक्षा_दिल्ली #हिंदूकॉलेज #दिल्लीविश्वविद्यालय #DUStudents #DelhiUniversity #मुखर्जीनगरन्यूज #क्राइमNews #दिल्लीब्रेकिंग #गंभीरमामला #पुलिसजांच #आरोपियोंकीतलाश #टाटासफारी #DelhiCrime #DelhiNews #WomenSafety #StudentSafety #BreakingNews #CrimeNews #ViralNews #LatestNews #CitySpecialNews