वृंदावन से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है...
संत प्रेमानंद महाराज के शिष्य और साधक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया है।
25 वर्षीय साधक दीपक लोधी, जो दीक्षा के बाद अपना नाम रसिक दुलारी शरण रखकर वृंदावन में रहकर साधना कर रहे थे, शुक्रवार सुबह एक इमारत की चौथी मंजिल से नीचे गिर गए।
घटना वृंदावन कोतवाली क्षेत्र के बाराहघाट स्थित श्रीराधा केलिकुंज आश्रम के पास की है। बताया जा रहा है कि दीपक पिछले करीब डेढ़ साल से गुरु कृपा कुंज आश्रम से जुड़ी सोसाइटी के एक फ्लैट में रह रहे थे। इसी इमारत में करीब 50 अन्य साधक भी रहते हैं।
सुबह करीब साढ़े दस बजे दीपक के चौथी मंजिल से गिरने की सूचना मिली। गंभीर हालत में उन्हें सर्वोदय अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस फिलहाल यह पता लगाने में जुटी है कि दीपक ने खुदकुशी की या वह किसी हादसे का शिकार हुए। हत्या की आशंका समेत दूसरे पहलुओं को भी जांच में शामिल किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन अंतिम निष्कर्ष जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा।
मामले में एक और गंभीर पहलू सामने आया है। पुलिस के अनुसार, दीपक के शरीर पर गंभीर चोट के साथ एक अन्य चोट भी पाई गई है। इस पूरे मामले की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है और पुलिस साक्ष्य जुटा रही है।
बताया गया है कि दीपक ने फरवरी 2025 में संत प्रेमानंद महाराज से दीक्षा ली थी और इसके बाद से वृंदावन में रहकर भजन-साधना कर रहे थे। वह मूल रूप से जबलपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी परिजनों को दे दी गई है।
वहीं, घटना के बाद पुलिस को सूचना मिलने में देरी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इमारत से गिरने के बाद दीपक कुछ समय तक मौके पर पड़े रहे, जिसके बाद आश्रम प्रबंधन से जुड़े लोगों ने उन्हें निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया। पुलिस को अस्पताल से सूचना मिलने के बाद मामले की जांच शुरू हुई।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
#वृंदावन #संतप्रेमानंदमहाराज #प्रेमानंदमहाराज #रसिकदुलारीशरण #दीपकलोधी #साधककीमौत #वृंदावनन्यूज #वृंदावनब्रेकिंग #ब्रेकिंगन्यूज #मथुरान्यूज #मथुराब्रेकिंग #संदिग्धमौत #चौथीमंजिल #पुलिसजांच #फोरेंसिकजांच #पोस्टमार्टमरिपोर्ट #हादसाया_आत्महत्या #आत्महत्याकीजांच #हत्या_की_आशंका #आश्रमन्यूज #वायरलन्यूज #ताजाखबर #उत्तरप्रदेश #UPNews #Vrindavan #MathuraNews #BreakingNews #ViralNews #CitySpecialNews