गंगा के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) डॉ नेहा कुमारी ने मंगलवार को मनिहारी प्रखंड के बाढ़ प्रभावित सिंगल टोला पहुंचकर वहां की स्थिति का जायजा लिया।
डीडीसी ने प्रभावित परिवारों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने वहां संचालित कम्युनिटी किचन का निरीक्षण कर भोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बाढ़ पीड़ितों की आवश्यकताओं पर लगातार नजर रखने और जरूरतमंद परिवारों को समय पर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच पॉलीथिन शीट का वितरण किया गया, ताकि बारिश और बाढ़ के बीच लोगों को अस्थायी राहत मिल सके। दूषित पानी से होने वाली बीमारियों की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल के उपयोग के प्रति जागरूक किया गया।
डीडीसी ने पानी को शुद्ध करने के लिए टैबलेट के सही उपयोग की भी जानकारी दी। लोगों को बताया गया कि टैबलेट डालने के बाद पानी को करीब दो से ढाई घंटे तक रखने के बाद ही उसका उपयोग करें। डीडीसी डॉ नेहा कुमारी ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि जलस्तर में वृद्धि के कारण किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल स्थानीय प्रशासन को सूचना दें।
@topfans Information & Public Relations Department, Government of Bihar Disaster Management Department Govt. of Bihar #katihar
13 views | Katihar, Bihar | Sep 10, 2026