स्मैक व सूखे नशे के खिलाफ पुलिस ने कसी कमर, मिशन चबूतरा के तहत हुई ब्रीफिंग
जहानाबाद। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर घोषी थाना परिसर में मिशन चबूतरा के तहत पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों की ब्रीफिंग की गई। थानाध्यक्ष एवं अंचल निरीक्षक की मौजूदगी में आयोजित ब्रीफिंग में क्षेत्र में स्मैक समेत अन्य सूखे नशीले पदार्थों के सेवन और कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस पदाधिकारियों को नशे के कारोबार से जुड़े लोगों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने तथा सूचना मिलने पर तत्काल छापामारी कर कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया। साथ ही नशे के दुष्प्रभाव से युवाओं को बचाने के लिए जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
ब्रीफिंग के दौरान डायल-112 की टीम और पुलिस दीदी भी मौजूद रहीं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। जहानाबाद पुलिस का संदेश है—नशे के खिलाफ मुहिम, सुरक्षित युवा और उज्ज्वल भविष्य।