पीएनबी मैड़ शाखा में दिव्यांगजनों के लिए रैंप व व्हीलचेयर सुविधा की मांग
मैड़। जिला हमीरपुर दिव्यांग समीक्षा समिति के सदस्य एवं हिमाचल प्रदेश व्हीलचेयर क्रिकेट संगठन के प्रधान राजन कुमार ने आज पंजाब नेशनल बैंक (PNB) मैड़ शाखा के प्रबंधक अनुपम जी से मुलाकात कर दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों की सुविधाओं से जुड़ा ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि बैंक के मुख्य प्रवेश द्वार तथा एटीएम के पास स्थायी रैंप एवं व्हीलचेयर की सुविधा उपलब्ध करवाई जाए, ताकि दिव्यांगजन, व्हीलचेयर उपयोगकर्ता तथा चलने-फिरने में असमर्थ वरिष्ठ नागरिक बिना किसी बाधा के बैंक की सेवाओं का लाभ उठा सकें।
राजन कुमार ने कहा कि बैंक जैसी महत्वपूर्ण सार्वजनिक सेवा तक समान एवं सुगम पहुंच प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। दिव्यांगजनों को बैंक में प्रवेश करने के लिए किसी अन्य व्यक्ति पर निर्भर न रहना पड़े, इसके लिए बैंक परिसर को पूरी तरह दिव्यांगजन-अनुकूल बनाया जाना आवश्यक है।
बैंक प्रबंधक अनुपम जी ने राजन कुमार की बात को गंभीरता से सुना तथा दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं को समझते हुए आश्वासन दिया कि जल्द से जल्द बैंक परिसर में रैंप की व्यवस्था करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई दिव्यांग या बुजुर्ग व्यक्ति शाखा के अंदर आने में असमर्थ है, तो बैंक कर्मचारी वाहन में ही आवश्यक बैंकिंग सुविधा उपलब्ध करवाने का प्रयास करेंगे।
राजन कुमार ने बैंक प्रबंधक अनुपम जी के सकारात्मक आश्वासन के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए कहा कि RPwD Act, 2016 की भावना के अनुरूप सार्वजनिक संस्थानों में बाधारहित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध करवाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि केवल मैड़ शाखा ही नहीं, बल्कि जिला हमीरपुर मंडल की सभी बैंक शाखाओं में रैंप, व्हीलचेयर तथा दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाएं सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि किसी भी दिव्यांगजन या वरिष्ठ नागरिक को बैंकिंग सेवाओं के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े।
राजन कुमार ने कहा कि “सुगम बैंकिंग, सशक्त दिव्यांग और समावेशी समाज” की दिशा में प्रत्येक बैंक शाखा को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।