जिलाधिकारी ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किए जाने के अवसर पर समस्तीपुर सदर के प्रमुख छठ घाटों का किया भ्रमण, छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं को दी शुभकामनाएं
समस्तीपुर, 15 नवंबर 2026।
छठ महापर्व के अवसर पर आज दिनांक 15 नवंबर 2026 को अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किए जाने के दौरान जिलाधिकारी समस्तीपुर श्री रोशन कुशवाहा द्वारा समस्तीपुर सदर अनुमंडल अंतर्गत विभिन्न प्रमुख छठ घाटों का भ्रमण किया गया। इस दौरान उन्होंने छठ घाटों पर पहुंचकर पर्व के आयोजन, श्रद्धालुओं की उपस्थिति तथा उपलब्ध कराई गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
भ्रमण के क्रम में जिलाधिकारी ने छठ घाटों पर उपस्थित छठव्रतियों, श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों से संवाद किया तथा उन्हें लोक आस्था के महापर्व छठ की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान सूर्य एवं छठी मैया से समस्त जिलेवासियों के सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
जिलाधिकारी ने कहा कि छठ महापर्व बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा, लोक आस्था, सामाजिक समरसता एवं प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अद्भुत प्रतीक है। यह पर्व हमें स्वच्छता, अनुशासन, पवित्रता, संयम एवं सामूहिक सहभागिता का संदेश देता है। उन्होंने सभी छठव्रतियों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए उनके व्रत एवं अनुष्ठान के सफलतापूर्वक संपन्न होने की मंगलकामना की।
इस अवसर पर घाटों पर श्रद्धालुओं की काफी चहल-पहल एवं उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला। छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार एवं समाज के कल्याण की कामना की।
उक्त अवसर पर माननीय विधान परिषद सदस्य श्री तरुण कुमार, माननीय मेयर नगर निगम समस्तीपुर श्रीमती अनीता राम सहित विभिन्न जनप्रतिनिधिगण एवं जिला प्रशासन के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन, समस्तीपुर की ओर से समस्त जिलेवासियों को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी गई।
#जिलाप्रशासनसमस्तीपुर
#छठ_महापर्व
#highlight
#CMSamrat
#samratchoudhary
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Patna, Bihar | Nov 15, 2026