समाहरणालय, अरवल
(जिला जनसंपर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक : 02 नवम्बर, 2026
नशामुक्त अरवल के निर्माण की दिशा में जिला प्रशासन की व्यापक पहल, जन-जागरूकता अभियान को मिल रही नई गति!
नशामुक्ति की मुहिम में आगे आईं जीविका दीदियां, कुर्था प्रखंड के तीन संकुल संघों में जागरूकता अभियान का आयोजन।
अरवल, 02 नवम्बर, 2026।
जिला पदाधिकारी, अरवल श्रीमती अमृषा बैंस के मार्गदर्शन में 'नशामुक्त बिहार अभियान' के तहत अरवल जिले को नशामुक्त बनाने की दिशा में निरंतर व्यापक एवं बहुआयामी प्रयास किए जा रहे हैं। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं, विद्यार्थियों एवं ग्रामीण परिवारों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए एक स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज का निर्माण करना है।
इस क्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों में शिक्षकों एवं अभिभावकों के साथ संगोष्ठियों का आयोजन किया जा रहा है। साथ ही, विद्यार्थियों के बीच विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं, जागरूकता कार्यक्रमों एवं संवाद के माध्यम से नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, जिले के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर फ्लेक्स एवं बैनर के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार तथा नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से आम नागरिकों को नशामुक्ति का संदेश दिया जा रहा है।
इसी कड़ी में आज दिनांक 02 नवम्बर, 2026 को जीविका, अरवल द्वारा कुर्था प्रखंड के तीन संकुल संघों (CLF)—जागृति, सवेरा एवं एकता में विशेष नशामुक्ति जन-जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया।
इस विशेष अभियान का आयोजन प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के सहयोग से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जीविका दीदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान ब्रह्माकुमारी संस्थान की बहनों द्वारा नशे के शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही, उपस्थित जीविका दीदियों को अपने परिवार, गाँव एवं आसपास के क्षेत्रों में नशामुक्ति के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी संस्थान की बहनों, जीविका कर्मियों एवं जीविका दीदियों द्वारा नशामुक्त बिहार एवं नशामुक्त अरवल के निर्माण हेतु सामूहिक शपथ ली गई। सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में जीविका के प्रखंड स्तरीय कर्मियों द्वारा बताया गया कि जीविका दीदियां ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक एवं आर्थिक परिवर्तन की महत्वपूर्ण संवाहक रही हैं। उनकी सक्रिय भागीदारी से नशामुक्ति का संदेश जिले के प्रत्येक गाँव, टोले एवं परिवार तक प्रभावी ढंग से पहुँचाया जा सकेगा।
उल्लेखनीय है कि जीविका के विभिन्न संकुल संघों के माध्यम से यह विशेष जन-जागरूकता अभियान आगामी 05 नवम्बर, 2026 तक निरंतर संचालित किया जाएगा। इसके तहत अधिक से अधिक ग्रामीण परिवारों को नशामुक्ति की मुहिम से जोड़ने तथा नशे के विरुद्ध सामूहिक सामाजिक चेतना विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।
जिला प्रशासन, अरवल द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे नशामुक्त बिहार अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें तथा अपने परिवार एवं समाज को नशे के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
जिला प्रशासन, अरवल का संकल्प — जन-जन की भागीदारी से बनेगा नशामुक्त अरवल, सशक्त बिहार।
2 views | Arwal, Bihar | Nov 2, 2026