➡️ सड़क दुर्घटनाओं को रोकने सागर में 246 सड़क सुरक्षा मित्रों का चयन
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, सागर द्वारा बताया गया कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जीरो फेटेलिटी डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम के अंतर्गत मध्यप्रदेश के 09 जिलों का चयन किया गया है, जिसमें से सागर एक है। जीरो फेटेलिटी डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम के अंतर्गत सागर जिले में 246 सड़क सुरक्षा मित्रों का चयन किया जाकर माय भारत पोर्टल पर उनका पंजीयन किया गया है। सड़क सुरक्षा मित्रों के चयन में यह तथ्य विशेष तौर पर ध्यान में रखा गया है कि जिन ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक सड़क दुर्घटनायें घटित हो रही थीं, उन क्षेत्रों से मुख्य तौर पर सड़क सुरक्षा मित्रों का चयन किया गया है।
चयनित 246 सड़क सुरक्षा मित्रों में से सर्वाधिक दुर्घटना संभावित क्षेत्रों के सड़क सुरक्षा मित्रों की कार्यालय क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, सागर के सभाकक्ष में दिनांक 03.09.2026 को दोपहर 12:00 बजे से बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित सभी सड़क सुरक्षा मित्रों को अवगत कराया गया कि सड़क सुरक्षा के चार आधारभूत स्तंभ हैं—इंजीनियरिंग, इनफोर्समेंट, एजुकेशन एवं इमरजेंसी केयर (4-E)। ऐसी सड़कों के दुर्घटना संभावित स्थलों की जानकारी एकत्रित करने एवं उनमें सुधार के लिए सुझाव देने तथा वहां पर उपस्थित होकर ग्रामीण जनों से व्यक्तिगत संपर्क स्थापित कर उन्हें यह अवगत कराने के लिए कि—
मोटरसाईकिल चलाते समय हेलमेट का उपयोग करें। ग्रामीण सड़क से मुख्य सड़क पर आने से पहले दांये एवं बांये देखकर ही मुख्य सड़क पर प्रवेश करें। शराब पीकर वाहन न चलावें। ओव्हर स्पीड में वाहन न चलायें। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें।
आदि निर्देश जारी किये। साथ ही उन्हें यह बताया गया कि दुर्घटना संभावित क्षेत्र में जाकर यह देखें कि वहां की रोड पर गड्ढे तो नहीं हैं, रोड पर सफेद कलर की पट्टी खराब तो नहीं है, ब्लिंकिंग लाईट खराब तो नहीं है, रोड साईन बोर्ड ठीक से दिखाई दे रहे हैं। यदि उक्तानुसार कमियां पाई जाती हैं तो तत्काल व्हॉटसएप ग्रुप पर मैसेज करें, ताकि उन्हें ठीक कराने हेतु संबंधित विभाग को अवगत कराया जा सके।
साथ ही सड़क सुरक्षा मित्रों को निर्देशित किया कि स्थानीय निवासियों को यातायात के नियमों के प्रति जागरुकता लाने तथा स्थानीय पुलिस एवं परिवहन जांच दल के साथ जांच कार्यवाही तथा यातायात प्रबंधन में सहयोग करें। सभी सड़क सुरक्षा मित्रों को राहवीर योजना एवं पी.एम. राहत योजना के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई तथा अपेक्षा की गई है कि दोनों योजनाओं के बारे में आमजनों को जागरुक करेंगे, जिससे गोल्डन आवर में सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की जान बचाई जा सके तथा निःशुल्क उपचार की व्यवस्था की जा सके।
सभी सड़क सुरक्षा मित्रों के द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर उपरोक्तानुसार कार्य करने हेतु प्रतिबद्धता व्यक्त की। उपस्थित सभी सड़क सुरक्षा मित्रों को जागरूकता एवं जनसहयोग के कार्यों हेतु सागर जिले में यात्रा करने हेतु यात्री बसों में किराये में 50 प्रतिशत छूट का रियायती यात्रा पास प्रदान किया गया।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh #JansamparkMP #sagar
1 views | Sagar, Madhya Pradesh | Sep 3, 2026