प्रेस विज्ञप्ति
स्थान : नालंदा
दिनांक–29 अक्टूबर 2026
जिला जनसंपर्क कार्यालय, नालंदा
विधि-व्यवस्था, भूमि विवाद एवं सड़क सुरक्षा की समीक्षा, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर
• दीपावली, धनतेरस और छठ पर्व को लेकर सतर्कता बरतने तथा छठ घाटों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने का निर्देश
*बिहारशरीफ (नालंदा)*। समाहरणालय, नालंदा स्थित हरदेव भवन में जिलाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री हृदयकांत की संयुक्त अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधि-व्यवस्था, भूमि विवादों के निष्पादन, मद्यनिषेध, खनन, नीलाम पत्र वादों तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई। साथ ही आगामी दीपावली, धनतेरस एवं छठ पर्व के दौरान शांति, सुरक्षा और आम लोगों की सुविधा सुनिश्चित करने को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में भूमि विवादों से संबंधित लंबित मामलों की स्थिति की समीक्षा करते हुए उनके निष्पादन में तेजी लाने पर जोर दिया गया। संबंधित पदाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ मामलों की नियमित निगरानी करने तथा भूमि विवादों के कारण उत्पन्न होने वाली समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
नीलाम पत्र वादों और लंबित मामलों में भी नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए प्रगति लाने पर बल दिया गया। नीलाम पत्र से संबंधित मामलों की समीक्षा के दौरान बिहारशरीफ एवं परवलपुर में लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। संबंधित अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ लंबित मामलों की प्रगति सुनिश्चित करने को कहा गया।
मद्यनिषेध के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर पुलिस एवं उत्पाद विभाग की कार्रवाई की समीक्षा की गई। अवैध शराब के विरुद्ध सूचना के आधार पर समन्वित कार्रवाई करने तथा संबंधित मामलों में आगे की प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी करने पर जोर दिया गया। अवैध खनन के मामलों में भी निगरानी बनाए रखने और नियमों के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।संगठित रूप से इस गतिविधि में संलिप्त लोगों पर प्रभावी कार्रवाई करने तथा ऐसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई, जहां मद्यनिषेध के प्रयासों में चुनौतियां सामने आ रही हैं। आगामी पर्वों के दौरान बाहर से लोगों के आने-जाने की संभावना को देखते हुए संबंधित विभागों एवं पुलिस पदाधिकारियों को सतर्कता और आपसी समन्वय बनाए रखने को कहा गया।
सड़क सुरक्षा की समीक्षा के दौरान दुर्घटनाओं के कारणों की पहचान, संवेदनशील स्थलों पर आवश्यक सुधार, यातायात संकेतकों की उपलब्धता, आसान हिन्दी भाषा में दो से चार शब्दों में सूचना तथा वाहन चालकों द्वारा निर्धारित गति सीमा का पालन सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया गया। दुर्घटनाओं से जुड़े आंकड़ों को अद्यतन रखने और लंबित प्रविष्टियों को पूरा करने के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए समन्वित प्रयास करने को कहा गया।
आगामी पर्वों को देखते हुए छठ घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में तैयारियों की निगरानी करने तथा आम श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया। विभिन्न अनुमंडलों के प्रमुख घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं की संभावित संख्या तथा वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने कहा कि वे शीघ्र ही छठ घाटों का निरीक्षण करेंगी। इसे देखते हुए संबंधित पदाधिकारी घाटों की साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने दुर्गापूजा के शांतिपूर्ण आयोजन में योगदान देने वाले सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों के कार्यों की सराहना की। उन्होंने आगामी दीपावली, धनतेरस एवं छठ पर्व के दौरान भी इसी समन्वय, तत्परता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए अधिकारियों को प्रोत्साहित किया, ताकि सभी पर्व शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सकें।
Samrat Choudhary
CMO Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Revenue and Land Reforms Dept, Govt. of Bihar
Prohibition,Excise & Registration Department, Bihar
Transport Department, Government of Bihar
नालन्दा पुलिस
Nalanda, Bihar | Oct 29, 2026