सोशल मीडिया पर पैसे दोगुने करने का झांसा, साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश
एक साइबर ठग गिरफ्तार, विधि से संघर्षरत बालक निरुद्ध; ठगी की रकम से खरीदी बोलेरो और 2 स्मार्टफोन जब्त
सवाई माधोपुर। मानटाउन थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर पैसे दोगुने करने का झांसा देकर लोगों से साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मनमोहन उर्फ मोनू मीना (20) निवासी क्षेत्र कुंडेरा को गिरफ्तार किया, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को निरुद्ध किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों को ज्योति नर्सिंग होम के पास से डिटेन कर पूछताछ की गई। उनके कब्जे से ठगी की रकम से खरीदी गई बोलेरो गाड़ी और दो एंड्रॉयड स्मार्टफोन जब्त किए गए। मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच जारी है।
ऐसे देते थे ठगी को अंजाम
पुलिस के मुताबिक गिरोह सोशल मीडिया, व्हाट्सऐप, फेसबुक और फर्जी एप्लीकेशन के जरिए फर्जी चैनल व आईडी बनाकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। 499 रुपये से लेकर 50 हजार रुपये तक निवेश करने पर 45 मिनट में रकम कई गुना करने का लालच दिया जाता था।
विश्वास दिलाने के लिए फर्जी स्क्रीनशॉट और कथित भुगतान के प्रमाण दिखाए जाते थे। रकम जमा होने के बाद GST चार्ज, विड्रॉल चार्ज और कमीशन के नाम पर अतिरिक्त पैसे मांगे जाते और बाद में पीड़ित को ब्लॉक कर दिया जाता था।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी अब तक करीब 30 लाख रुपये की ठगी कर चुका है। गिरोह द्वारा फर्जी सिम कार्ड और म्यूल बैंक खातों का भी इस्तेमाल किया जाता था। पुलिस मामले में गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका और नेटवर्क की जांच कर रही है।
कार्रवाई में मानटाउन थाना पुलिस की टीम की अहम भूमिका रही।