कपिलधारा में अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुलडोजर, 20 दुकानों से हटाया गया कब्जा
अमरकंटक। प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कपिलधारा को अतिक्रमण मुक्त और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर परिषद अमरकंटक ने दो दिवसीय विशेष अभियान चलाया। 30 और 31 अक्टूबर को हुई इस कार्रवाई में करीब 20 दुकानदारों के अतिक्रमण हटाए गए।
कलेक्टर अनूपपुर के निर्देश पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी चैन सिंह परस्ते के नेतृत्व में नगर परिषद की टीम ने पुलिस और राजस्व विभाग के साथ मिलकर यह कार्रवाई की। अभियान के दौरान संबंधित अमला मौके पर मौजूद रहा और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण हटाए गए।
कार्रवाई के दौरान नगर परिषद के गणेश प्रसाद पाठक, चैन सिंह मंडलोई, मनीष विश्वकर्मा, गणेश यादव और उमाशंकर परमार सहित राजस्व अमले की मौजूदगी रही। वहीं, अमरकंटक पुलिस का बल भी कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात रहा।
कपिलधारा अमरकंटक आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग प्राकृतिक जलप्रपात और आसपास के मनोरम दृश्यों का आनंद लेने पहुंचते हैं। ऐसे में रास्तों और सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण से पर्यटकों को होने वाली असुविधा को देखते हुए प्रशासन ने यह कदम उठाया।
अब देखना होगा कि इस कार्रवाई के बाद कपिलधारा क्षेत्र में व्यवस्था कितनी बेहतर होती है और भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए नगर परिषद क्या कदम उठाती है।
#Amarkantak #Kapildhara #Anuppur #BSP24News