देशनोक में कांग्रेस की विशाल कार्यकर्ता बैठक,
-25 वार्डों में जीत का संकल्प -कार्यकर्ताओं ने हाथ उठाकर दिखाई एकजुटता
बीकानेर। नगरपालिका देशनोक चुनाव 2026 की तैयारियों को लेकर रविवार को नगर कांग्रेस कमेटी, देशनोक के तत्वावधान में नगर कांग्रेस कार्यालय में विशाल कांग्रेस कार्यकर्ता बैठक आयोजित की गई। बैठक में देशनोक कस्बे के विभिन्न वार्डों से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं वरिष्ठ कांग्रेसजन शामिल हुए। बैठक में आगामी नगरपालिका चुनाव की तैयारियों, संगठन को मजबूत करने, वार्ड स्तर पर चुनावी रणनीति तैयार करने तथा सभी 25 वार्डों में कांग्रेस प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता भंवर सिंह भाटी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आगामी नगरपालिका चुनाव में पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ मैदान में उतरने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देशनोक नगरपालिका के सभी 25 वार्डों में कांग्रेस के उम्मीदवारों को विजय दिलाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी मेहनत और निष्ठा के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत उसका कार्यकर्ता है और कार्यकर्ताओं की एकजुटता के बल पर ही कांग्रेस आगामी चुनाव में शानदार प्रदर्शन करेगी।
*टिकट किसी एक को, लेकिन जीत सभी की जिम्मेदारी – मुश्ताक अली*
बैठक में चुनाव प्रभारी मुश्ताक अली ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पार्टी की एकजुटता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि कई वार्डों में कांग्रेस से चुनाव लड़ने के इच्छुक तीन-चार या उससे अधिक दावेदार सामने आए हैं। सभी कार्यकर्ताओं को चुनाव लड़ने का अधिकार है और पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं की दावेदारी का सम्मान किया जाएगा, लेकिन प्रत्येक वार्ड में पार्टी की ओर से टिकट केवल एक ही प्रत्याशी को मिलेगी।
उन्होंने कहा कि पार्टी जिसे भी अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित करे, उसके बाद सभी दावेदारों और कार्यकर्ताओं को अपने व्यक्तिगत मतभेद एवं दावेदारी को पीछे छोड़कर एकजुट होकर पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में काम करना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं बल्कि पूरे संगठन और प्रत्येक कार्यकर्ता की जीत होगी। उन्होंने सभी दावेदारों से अपील की कि टिकट नहीं मिलने की स्थिति में भी पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी को पूरी ताकत से जिताने में जुट जाएं।
*भाजपा के ढाई साल के कार्यकाल को लेकर बिशना राम सियाग ने साधा निशाना*
बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिला अध्यक्ष बिशना राम सियाग ने भाजपा सरकार के पिछले ढाई साल के कार्यकाल पर निशाना साधते हुए कहा कि इस दौरान आमजन के हितों के साथ कुठाराघात हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार से जनता को जो उम्मीदें थीं, उनके अनुरूप काम नहीं हुआ और आमजन को विभिन्न समस्याओं एवं परेशानियों का सामना करना पड़ा है।
उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे आगामी नगरपालिका चुनाव में जनता के बीच जाकर भाजपा के ढाई साल के कार्यकाल में आमजन के साथ हुए कुठाराघात और जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनता से संवाद करें और कांग्रेस की नीतियों एवं जनहित के मुद्दों को आमजन तक पहुंचाए। बिशना राम सियाग ने कहा नगरपालिका चुनाव कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण है और सभी कार्यकर्ताओं को आपसी मतभेद भुलाकर संगठन की मजबूती के लिए एक साथ काम करना होगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड में कांग्रेस का संगठन मजबूत करने और कांग्रेस प्रत्याशी को विजय दिलाने के लिए कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा के साथ जुटें।
*हाथ उठाकर लिया एकजुटता का संकल्प*
बैठक के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सभी कार्यकर्ताओं ने अपने हाथ ऊपर उठाकर कांग्रेस पार्टी के प्रति एकजुटता का परिचय दिया और आगामी चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया।
कार्यकर्ताओं की भारी मौजूदगी और उत्साह से यह स्पष्ट दिखाई दिया कि कांग्रेस ने देशनोक नगरपालिका चुनाव को लेकर अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। बैठक के अंत में सभी कांग्रेसजनों ने संगठन की मजबूती, आपसी एकजुटता और सभी 25 वार्डों में कांग्रेस की जीत के लिए पूरी ताकत से कार्य करने का संकल्प लिया।