श्रीश्री 1008 ज्ञान चंद महाराज का जन्म दिवस धूमधाम से मनाया गया, भिवानी में लगा श्रद्धालुओं का तांता
भिवानी, 08 अक्तूबर : श्रीश्री 1008 ज्ञान चंद महाराज का जन्म दिवस के उपलक्ष्य में स्थानीय डोभी तालाब स्थित ज्ञानाश्रम में वीरवार को एक भव्य एवं प्रेरणादायी धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संपूर्ण आश्रम परिसर भक्तिमय भजनों, जयकारों और अपार श्रद्धा से सराबोर नजर आया। महाराज का जन्मदिन मनाने के लिए दूर-दराज से समस्त संगत और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भारी संख्या में आश्रम पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान ब्राह्मण समाज के प्रधान किशन कौशिक ने महाराज के प्रति अपनी अगाध श्रद्धा व्यक्त करते हुए उन्हें नोटों की माला पहनाकर सम्मानित किया। इसके साथ ही एडवोकेट संदीप शर्मा, बृज मोहन कौशिक, परमारथ सेवा ट्रस्ट एवं उद्योग संघ के प्रधान नवीन कौशिक, एडवाइजऱ संदीप गुप्ता, मोहन कौशिक, गिरधारी लाल तथा कन्हैया जैन एवं बैंक सुभाष गली डोभी तालाब के सेवादारों ने ज्ञान चंन्द महाराज का पटका एवं अंगवस्त्र भेंट कर भावभीना स्वागत व अभिनंदन किया। समारोह में उपस्थित श्रद्धालुओं और संगत को संबोधित करते हुए अधिवक्ता संदीप शर्मा ने कहा कि संत-महापुरुषों का जीवन सदैव समाज का मार्गदर्शन करने और मानव कल्याण के लिए समर्पित रहता है। श्रीश्री 1008 ज्ञान चंद महाराज का जीवन हमें निस्वार्थ सेवा, भक्ति, करुणा और आपस में प्रेम एवं भाईचारा बनाए रखने की शिक्षा देता है। आज के समय में उनके विचारों को अपने जीवन में उतारना और जरूरतमंदों की सेवा के लिए आगे बढऩा ही उनके प्रति सच्ची भक्ति और सम्मान है। इस अवसर पर उपस्थित सभी गणमान्य जनों और श्रद्धालुओं ने महाराज के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम के समापन पर संगत के बीच प्रसाद का वितरण किया गया, जिसे पाकर सभी श्रद्धालु भावविभोर हो गए।