भिवानी पर्यावरण शुद्धिकरण समिति की अनूठी पहल : निशुल्क बांटे पौधे, ट्री गार्ड और पक्षियों के घोंसले
विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देंकर ही हासिल होगा प्रगति का लाभ : केके वर्मा
भिवानी, 08 अक्तूबर : स्थानीय हुडा पार्क के सामने आयोजित विकसित भारत संकल्प समारोह में भिवानी पर्यावरण शुद्धिकरण समिति द्वारा पर्यावरण के प्रति जन-जागृति पैदा करने के उद्देश्य से एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी के माध्यम से समिति ने पर्यावरण संरक्षण और जीव-दया का अनोखा संदेश देते हुए आमजन को पौधे, ट्री गार्ड, पक्षियों के लिए घोंसले, दाना-पानी के टीन, तथा गायों के लिए गो-ग्रास टीन एवं खोर इत्यादि निशुल्क वितरित किए। कार्यक्रम के दौरान समिति के संयोजक के. के. वर्मा ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए पर्यावरण सुरक्षा का महत्वपूर्ण संदेश दिया। वर्मा ने कहा कि प्रदर्शनी में वितरित किए जा रहे यह सभी उपकरण वेस्ट टू वेल्थ और कबाड़ से जुगाड़ की अवधारणा के अंतर्गत तैयार किए गए हैं। हमारी आने वाली संतति को हर प्रकार की प्रगति का लाभ तभी प्राप्त हो सकेगा, जब हम विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देंगे। कोरोना महामारी के समय हमने जो विकट परिस्थितियां देखी हैं, यदि उन्हें देखकर भी हम आज जागरूक नहीं होते हैं, तो हमारी आने वाली संतान का स्वस्थ और सुखी जीवन कैसे संभव हो पाएगा। अपनी भिवानी को बड़े महानगरों की तरह प्रदूषित होने से बचाने के लिए हम सभी को एकजुट होकर प्रयास करने होंगे। नागरिक समिति की वर्कशॉप (26, पुराना हाउसिंग बोर्ड) से ये सभी उपकरण निशुल्क प्राप्त कर सकते हैं और पर्यावरण संरक्षण के इस महाअभियान में सहयोगी बन सकते हैं। समारोह में उपस्थित नागरिकों ने समिति के इस कबाड़ से जुगाड़ वाले नवाचार और पर्यावरण सुधार के प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की तथा पौधे लगाकर और पक्षियों के लिए दाना-पानी का प्रबंध कर भिवानी को हरा-भरा और स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया।