बाँदा, 08 नवंबर 2026। दीपावली के पावन अवसर पर बाँदा रोटी बैंक सोसाइटी द्वारा धीरज नगर, छोटा बाईपास, ब्लॉक बड़ोखर में विशाल सेवा अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान लगभग 350 जरूरतमंद पुरुषों, महिलाओं और बच्चों को कपड़े, साड़ियाँ, किताबें, पर्स, खिलौने, जूते-चप्पल सहित दैनिक उपयोग की विभिन्न सामग्री निःशुल्क वितरित की गई।
संस्था के संरक्षक शेख सादी जमा एवं सह संरक्षक चंद्रमौली भारद्वाज के संरक्षण में, उपाध्यक्ष मोहम्मद सलीम की अध्यक्षता तथा उप शाखा प्रमुख अलीमुद्दीन के नेतृत्व में यह अभियान संपन्न हुआ।
इस अवसर पर संगठन मंत्री सुनील सक्सेना ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य, स्वच्छता, यातायात नियमों और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में संस्था के अनेक पदाधिकारी, सदस्य एवं समाजसेवी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि बाँदा रोटी बैंक सोसाइटी पिछले 8 वर्षों से प्रत्येक रविवार जरूरतमंदों की सेवा में निरंतर जुटी हुई है। सामग्री पाकर लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली और उन्होंने संस्था की टीम को दुआओं एवं आशीर्वाद से नवाजा।
सचमुच, दीपावली की असली रोशनी दूसरों के जीवन में खुशियाँ बाँटने से ही आती है।
#BandaNews #BandaRotiBankSociety #Banda #दीपावली #समाजसेवा #मानवता #SocialService
Banda, Banda | Nov 8, 2026