एसडीएम की बेटी को लगा एक्सपायरी इंजेक्शन, दो फार्मासिस्ट निलंबित
#प्रतापगढ़। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लालगंज में स्वास्थ्य विभाग की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। आरोप है कि लालगंज के एसडीएम वाचस्पति सिंह की आठ वर्षीय बेटी को इलाज के दौरान एक्सपायरी पैरासिटामोल इंजेक्शन लगा दिया गया। इंजेक्शन की एक्सपायरी जून 2026 में हो चुकी थी। हालांकि, गनीमत रही कि बच्ची पर इसका कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ा।
जानकारी के मुताबिक, एसडीएम की बेटी श्रेयसी सिंह को शुक्रवार को बुखार आने पर सीएचसी लालगंज ले जाया गया था। वहां ड्यूटी पर तैनात फार्मासिस्ट ने उसे पैरासिटामोल का इंजेक्शन लगा दिया। बाद में इंजेक्शन की एक्सपायरी डेट सामने आने पर एसडीएम ने मामले की शिकायत मुख्य चिकित्सा अधिकारी से की और जिलाधिकारी को भी इसकी जानकारी दी।
एसडीएम वाचस्पति सिंह ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब उनकी बेटी के इलाज में इस तरह की लापरवाही हो सकती है तो सामान्य मरीजों के साथ किस तरह की सावधानी बरती जाती होगी, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सीएचसी लालगंज पहुंचकर दवा स्टोर को सील करा दिया। साथ ही स्टोर प्रभारी फार्मासिस्ट अरविंद कुमार शुक्ला और फार्मासिस्ट देव कुमार दुबे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। दोनों को निलंबन अवधि में उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, प्रतापगढ़ के कार्यालय से संबद्ध किया गया है।