#बालाघाट
उपसंचालक कृषि ने लांजी क्षेत्र में DSR धान प्रदर्शन एवं जैव संसाधन केंद्रों का किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान एवं राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के अंतर्गत उपसंचालक कृषि एवं परियोजना संचालक आत्मा श्री फूलसिंह मालवीय ने विकासखंड लांजी के विभिन्न ग्रामो का भ्रमण कर कृषकों के खेतों एवं जैव संसाधन केंद्रों का निरीक्षण किया।
ग्राम कालीमाटी में कृषक बसंत घोरमारे के खेत में DSR (धान की सीधी बुवाई) पद्धति से लगाई गई धान की फसल का निरीक्षण किया गया। कृषक ने संवाद के दौरान बताया कि पारंपरिक रोपा पद्धति की तुलना में DSR से लागत में कमी आई है और फसल भी अच्छी स्थिति में है। श्री मालवीय ने कृषक को फसल में नीमास्त्र एवं ब्रह्मास्त्र के छिड़काव की सलाह दी।
इसके बाद ग्राम भूरसाडोगरी में कृषक चेतन मेहरबान के खेत में DSR पद्धति से धान के साथ ढैंचा की फसल का निरीक्षण किया गया। कृषक ने भी फसल की अच्छी स्थिति पर प्रसन्नता व्यक्त की।
जैव संसाधन केंद्रों का किया निरीक्षण
राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के अंतर्गत ग्राम कालीमाटी, मनेरी एवं करेजा स्थित जैव संसाधन केंद्रों (BRC) का भी निरीक्षण किया गया। कालीमाटी स्थित गणेश जैव संसाधन केंद्र में जीवामृत, घनजीवामृत, जैविक कीटनाशक, नीमास्त्र एवं ब्रह्मास्त्र आदि उत्पादों के निर्माण एवं विक्रय की जानकारी ली गई।
ग्राम मनेरी में कृषक पन्नालाल चौधरी के घर संचालित जैव संसाधन केंद्र का निरीक्षण कर बायोडाइजेस्टर में तैयार किए जा रहे जीवामृत एवं जैविक कीटनाशकों के संबंध में चर्चा की गई। ग्राम करेजा में कृषि सखी भुवनेश्वरी उमरे, उषा भटेरे एवं कृषक हेमेंद्र उमरे के जैव संसाधन केंद्र का निरीक्षण कर केंद्र को और अधिक विकसित करने के लिए नई तकनीकों पर चर्चा की गई।
प्रगतिशील कृषक के खेत में अरहर एवं DSR धान का निरीक्षण
ग्राम फोपसा के प्रगतिशील कृषक देवराम चौरागडे के खेत का भी श्री मालवीय ने निरीक्षण किया। यहां अरहर की लाइन सोइंग तथा DSR पद्धति से लगाई गई धान की फसल का अवलोकन किया गया। उल्लेखनीय है कि कृषक देवराम चौरागडे को वर्ष 2025 में आत्मा विभाग के माध्यम से कृषि अभियांत्रिकी के क्षेत्र में जिले में प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ था।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कुलदीप गणवीर, विकासखंड तकनीकी प्रबंधक अजय बिजेवार, कृषि सखी रूपा कंकरायणे, उमेश्वरी बंसोड, लीला राहंगडाले एवं इंदु चौधरी सहित अन्य संबंधित कृषक एवं कृषि सखियां उपस्थित रहीं।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#minmpkriahi
78 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Aug 30, 2026