#बालाघाट
नक्सल प्रभावित रहे ग्राम बोंदारी में विकास की नई सुबह, मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से किया संवाद
बालाघाट जिले के सर्वांगीण विकास के लिए 225 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की घोषणा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज बालाघाट जिले के पूर्व में नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्र के ग्राम बोंदारी पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद किया। नक्सल प्रभावित रहे इस ग्राम में पहली बार किसी मुख्यमंत्री का आगमन हुआ। मुख्यमंत्री के बोंदारी पहुंचने पर बैगा समुदाय के ग्रामीणों ने आत्मीयता से उनका स्वागत किया। ग्रामीण महिलाओं ने मुख्यमंत्री के माथे पर तिलक लगाकर उन्हें राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों के स्नेह और अपनत्व के लिए आभार व्यक्त करते हुए उनसे क्षेत्र की समस्याओं और आवश्यकताओं के संबंध में चर्चा की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत ग्रामीणों से चर्चा के दौरान पशुपालन को बढ़ावा देने, आवास सुविधा, चिकित्सा एवं शिक्षा सुविधाओं, वन विभाग के सहयोग तथा रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाने जैसे विषयों पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को इन सुविधाओं को क्षेत्र में बेहतर ढंग से स्थापित करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
बालाघाट जिले के सर्वांगीण विकास के लिए 225 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की घोषणा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बालाघाट जिले के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न विभागों के माध्यम से 225 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की। इन कार्यों के माध्यम से क्षेत्र में सामाजिक एवं मूलभूत अधोसंरचना को मजबूत किया जाएगा। सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों सहित रोजगार और आजीविका के अवसरों का विस्तार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूर्व में नक्सल प्रभावित रहे ग्रामों में विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाए। स्थानीय संसाधनों और संभावनाओं का बेहतर उपयोग करते हुए ग्रामीणों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने तथा योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बालाघाट अब नक्सलवाद के खात्मे के बाद विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि क्षेत्र में स्थायी शांति के साथ सामाजिक और आर्थिक विकास को गति मिले तथा प्रत्येक गांव और प्रत्येक परिवार को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए।
आजीविका और अधोसंरचना विकास के लिए पायलट प्रोजेक्ट चलाने के निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पूर्व में नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्रों में आजीविका के अवसरों के विस्तार और अधोसंरचना विकास के लिए पायलट प्रोजेक्ट चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय संसाधनों और क्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप नवाचार आधारित योजनाएं तैयार की जाएं। पशुपालन, कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य पालन, वन आधारित आजीविका सहित अन्य रोजगारपरक गतिविधियों को बढ़ावा देकर ग्रामीणों की आय में वृद्धि के प्रयास किए जाएं। पायलट प्रोजेक्ट के सफल परिणामों को अन्य क्षेत्रों में भी लागू किया जाए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बीमारी से मृत बच्चों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए बताया कि प्रभावित परिवारों को 2.20-2.20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रदेश सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रभावित परिवारों एवं ग्रामीणों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा पोषण, स्वच्छता और शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और शिक्षित परिवार ही मजबूत समाज की आधारशिला हैं। बच्चों के पोषण एवं शिक्षा पर विशेष ध्यान देने के साथ ही स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाए।
इस अवसर पर स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री तथा प्रभारी मंत्री श्री राव उदय प्रताप सिंह, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके, सांसद श्रीमती भारती पारधी, मुख्य सचिव श्री अशोक वर्णवाल, मुख्यमंत्री के सचिव श्री सुदाम खाड़े, आयुक्त जनसंपर्क श्री मनीष सिंह, जबलपुर संभाग के कमिश्नर श्री धनंजय सिंह, मध्यप्रदेश अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य श्री भगतसिंह नेताम, पिछड़ा वर्ग आयोग की सदस्य श्रीमती मौसम बिसेन, विधायक श्री संजय उइके, श्री मधु भगत, श्री राजकुमार कर्राहे, श्री गौरव सिंह पारधी, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री रामकिशोर कांवरे, पूर्व मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन, कलेक्टर श्री कुमार सत्यम, पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #JanVishwasAbhiyan2026 #minprdd
22 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Aug 29, 2026