#गाजीपुर में ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसा, मां-बेटे की मौत; तीन गंभीर घायल
जंगीपुर थाना क्षेत्र में बिरनो टोल प्लाजा के पास हुआ हादसा, डिवाइडर तोड़कर नीचे गिरी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो
गाजीपुर। जिले में ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां-बेटे की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा जंगीपुर थाना क्षेत्र में बिरनो टोल प्लाजा के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए नीचे जा गिरी। दुर्घटना के समय वाहन में कुल पांच लोग सवार थे।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उपचार के दौरान बलिया जिले के नरही थाना क्षेत्र स्थित नरही गांव निवासी क्षमा उपाध्याय और उनके बेटे अनमोल उपाध्याय ने दम तोड़ दिया।
वहीं, हादसे में घायल वाराणसी के शिवपुर निवासी रत्नेश मिश्रा, बलिया जिले के सुखपुरा थाना क्षेत्र के भरखरा निवासी मनोज चौबे और मीरजापुर के चुनार निवासी वाहन चालक रमेश वर्मा की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए वाराणसी रेफर कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार के कारण स्कॉर्पियो अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर तोड़ते हुए नीचे जा गिरी। हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
इस दर्दनाक घटना के बाद मृतकों के परिजनों में शोक की लहर है। पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।