#गाजीपुर: दाह संस्कार में शामिल होने पहुंचा युवक गंगा में डूबा, तलाश जारी
; एसडीआरएफ को दी गई सूचना
#गाजीपुर। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित श्मशान घाट पर गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई। पड़ोसी के दाह संस्कार में शामिल होने पहुंचे 35 वर्षीय राजीव कुशवाहा उर्फ शेखर गंगा में डूबकर लापता हो गए। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय नाविकों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन काफी देर तक उनका पता नहीं चल सका।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजीव कुशवाहा गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे अपने पड़ोसी सुरेंद्र कुशवाहा के दाह संस्कार में शामिल होने श्मशान घाट पहुंचे थे। इसी दौरान वह गंगा की ओर जाने लगे। मौके पर मौजूद उनके पिता काशी कुशवाहा और अन्य ग्रामीणों ने उन्हें आवाज देकर वापस आने को कहा, लेकिन वह नहीं रुके और गंगा में डूब गए।
घटना के बाद ग्रामीणों ने स्थानीय नाविकों की मदद से नदी में उनकी तलाश शुरू कराई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने एसडीआरएफ की टीम को सूचना दी। युवक की तलाश जारी रहने के दौरान घाट पर लोगों की भीड़ जुट गई।
टोटो पर मोमोज बेचकर चलाते थे परिवार
राजीव कुशवाहा टोटो पर मोमोज बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी पत्नी रंजना कुशवाहा हैं। परिवार में 12 वर्षीय बेटी आकांक्षा, पांच वर्षीय बेटी अंशिका और तीन वर्षीय बेटा अंश है। राजीव दो भाइयों में बड़े थे। उनके छोटे भाई का नाम दिनेश कुशवाहा है।
राजीव के गंगा में लापता होने की घटना से परिवार में चिंता और दुख का माहौल है। फिलहाल उनकी तलाश की जा रही है।