➡️ माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम 2007 के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों, सम्मान, सुरक्षा एवं कल्याण के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से आश्रम नवोदित महिला एवं ग्राम उत्थान समिति, चोपना हीरापुर में माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम 2007 के संबंध में प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमुदाय एवं आश्रम में निवासरत व्यक्तियों को अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों एवं उद्देश्यों की जानकारी दी गई। बताया गया कि इस अधिनियम का मुख्य उद्देश्य माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानपूर्वक जीवनयापन सुनिश्चित करना तथा उन्हें उपेक्षा, उत्पीड़न एवं आर्थिक असुरक्षा से संरक्षण प्रदान करना है।
अधिनियम के अंतर्गत ऐसे वरिष्ठ नागरिक एवं माता-पिता, जो अपनी आय अथवा संपत्ति से अपना भरण-पोषण करने में असमर्थ हैं, वे अपने वयस्क बच्चों अथवा संबंधित उत्तरदायी व्यक्तियों से भरण-पोषण प्राप्त करने के लिए निर्धारित प्राधिकरण के समक्ष आवेदन कर सकते हैं। अधिनियम में भरण-पोषण अधिकरण के माध्यम से त्वरित राहत उपलब्ध कराने, वरिष्ठ नागरिकों के जीवन एवं संपत्ति की सुरक्षा तथा वृद्धाश्रमों की व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण प्रावधान भी किए गए हैं।
कार्यक्रम में यह संदेश दिया गया कि माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल करना केवल कानूनी दायित्व ही नहीं, बल्कि प्रत्येक परिवार एवं समाज का नैतिक और सामाजिक उत्तरदायित्व भी है। वरिष्ठ नागरिकों को सम्मान, सुरक्षा एवं बेहतर जीवन प्रदान करने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
इस अवसर पर सामाजिक सुरक्षा अधिकारी, जनपद पंचायत घोड़ाडोंगरी, प्रधान आरक्षक परसराम देवड़ा, आरक्षक नितेश बारस्कर, आरक्षक प्रवेश राजवंशी, ग्राम पंचायत चोपना के सरपंच अशोक नवड़े, रोजगार सहायक नारायण सिसोदिया तथा संस्था के केयरटेकर एन.सी. बॉल सहित अन्य उपस्थितजन द्वारा अधिनियम के प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता गतिविधियों में सहभागिता की गई। कार्यक्रम के माध्यम से आमजन से अपील की गई कि वे अपने माता-पिता एवं वरिष्ठजनों का सम्मान करें, उनकी आवश्यकताओं का ध्यान रखें तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूक रहकर एक संवेदनशील एवं वरिष्ठ नागरिकों के अनुकूल समाज के निर्माण में सहयोग प्रदान करें।
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#बैतूल
#betul