प्रेस नोट
कार्यालय पुलिस अधीक्षक, जिला बैतूल (म.प्र.)
दिनांक : 03 नवंबर 2026
🔹 *38 वर्षों तक पुलिस विभाग को सेवाएं देने वाले उपनिरीक्षक सहित चार अधिकारी-कर्मचारी सेवानिवृत्त, पुलिस अधीक्षक ने सम्मानपूर्वक दी भावभीनी विदाई*
🔹 *शाल, श्रीफल, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न भेंटकर किया सम्मानित, परिवारजनों की उपस्थिति में आयोजित हुआ विदाई समारोह*
🔹 *पुलिस अधीक्षक श्री अमित सक्सेना ने सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों के सेवाकाल की सराहना कर उज्ज्वल भविष्य की कामना की*
🔹जिला पुलिस बैतूल में अधिवार्षिकी आयु पूर्ण कर लंबे सेवाकाल के उपरांत सेवानिवृत्त होने वाले चार पुलिस अधिकारी- कर्मचारियों के सम्मान में आज दिनांक 03 नवंबर 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम बैतूल में विदाई समारोह आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री अमित सक्सेना द्वारा सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के सेवाकाल में किए गए सराहनीय कार्यों एवं विभाग के प्रति उनके समर्पण की प्रशंसा करते हुए शाल, श्रीफल, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न (मोमेंटो) भेंटकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनके परिवारजनों की उपस्थिति में पुष्पमाला एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर आत्मीय स्वागत भी किया गया।
🔹इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश खरपुसे, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस बैतूल सुश्री अन्नपूर्णा सिरसाम, क्राइम सीन एक्सपर्ट निरीक्षक श्री आबिद अंसारी, रक्षित निरीक्षक बैतूल श्री प्रदीप रघुवंशी सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह में सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों के परिवारजन भी शामिल हुए।
🔹 *सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी-कर्मचारियों का विवरण :*
1. उपनिरीक्षक श्री सुभाष कुमार भलावी – दिनांक 01 अक्टूबर 1988 से पुलिस विभाग में सेवाएं देते हुए लगभग 38 वर्षों का लंबा सेवाकाल पूर्ण किया।
2. प्रधान आरक्षक क्रमांक 375 श्री सुरेश कुमार आठनकर – वर्ष 2008 से जिला पुलिस बैतूल में अपनी सेवाएं दीं।
3. प्रधान आरक्षक क्रमांक 501 श्री मनोज महेंद्र – पुलिस विभाग में वर्ष 2008 से सेवाएं देते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन किया।
4. प्रधान आरक्षक क्रमांक 554 श्री अजाबराव बागदरे – वर्ष 1998 से लगभग 28 वर्षों तक पुलिस विभाग में अपनी सेवाएं दीं।
🔹समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री अमित सक्सेना ने सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों के लंबे सेवाकाल एवं उनके अनुभवों की सराहना की। उन्होंने सभी से अपने सेवाकाल के अनुभव साझा करने तथा पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारियों को प्रेरित करने के लिए अपने विचार व्यक्त करने का आग्रह किया।
🔹पुलिस अधीक्षक श्री अमित सक्सेना ने कहा कि सेवानिवृत्ति शासकीय सेवा की एक स्वाभाविक एवं अभिन्न परंपरा है। प्रत्येक शासकीय सेवक को एक दिन सेवानिवृत्त होना होता है, लेकिन पूरी सेवा अवधि के दौरान स्वच्छ छवि, निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्त होना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है।
🔹उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में कठिन एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच सेवाएं देते हुए अपने परिवार की जिम्मेदारियों का निर्वहन करना, बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाकर उन्हें बेहतर भविष्य प्रदान करना भी किसी उपलब्धि से कम नहीं है। सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों ने अपने सेवाकाल में जो अनुभव अर्जित किए हैं, वे विभाग के अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
🔹पुलिस अधीक्षक ने सभी सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों के स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि पुलिस विभाग से सेवानिवृत्ति के बाद भी उनका विभाग से आत्मीय संबंध बना रहेगा। भविष्य में किसी भी प्रकार की पुलिस संबंधी सहायता की आवश्यकता होने पर वे निःसंकोच संपर्क कर सकते हैं। साथ ही उन्होंने भविष्य में भी पुलिस विभाग को अपना मार्गदर्शन एवं सहयोग देते रहने का आग्रह किया।
🔹जिला पुलिस बैतूल की ओर से सभी सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों को सुखद, स्वस्थ एवं मंगलमय जीवन की हार्दिक शुभकामनाएं।