बिहार है तैयार! लोक आस्था के महापर्व छठ के स्वागत में सज-धजकर तैयार हो रहा सीतामढ़ी जिला, शहर से गांव तक उत्सवी माहौल
पोस्टर-बैनर, आकर्षक तोरण द्वार, सांस्कृतिक सजावट और छठ गीतों से गूंज रहे प्रमुख मार्ग एवं रेलवे स्टेशन; जिला प्रशासन श्रद्धालुओं के स्वागत और पर्व की गरिमा को भव्य स्वरूप देने में जुटा।
लोक आस्था, श्रद्धा, पवित्रता और प्रकृति उपासना के महापर्व छठ को लेकर पूरे सीतामढ़ी जिले में उत्साह और उमंग का माहौल है। शहर से लेकर गांव तक छठ महापर्व की छटा दिखाई देने लगी है। जिले को आकर्षक, स्वच्छ एवं उत्सवी स्वरूप प्रदान करने तथा श्रद्धालुओं और आगंतुकों के स्वागत के लिए जिला पदाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
इसी क्रम में सीतामढ़ी नगर निगम क्षेत्र सहित जिले के सभी नगर निकायों, भारत-नेपाल सीमा से सटे प्रखंडों, रुन्नीसैदपुर टोल प्लाजा, प्रमुख सड़क मार्गों एवं रेलवे स्टेशनों पर आकर्षक स्वागत द्वार (तोरण द्वार), पोस्टर एवं बैनर लगाए गए हैं। इनके माध्यम से पूरे जिले को छठ महापर्व के रंग में रंगने का प्रयास किया जा रहा है। प्रमुख चौक-चौराहों, आवागमन के महत्वपूर्ण स्थलों एवं सार्वजनिक स्थानों पर की गई सजावट से जिले की सुंदरता में चार चांद लग रहे हैं।
रेलवे स्टेशनों एवं शहर के प्रमुख स्थलों पर छठ महापर्व से जुड़े पारंपरिक एवं मधुर गीतों का प्रसारण भी किया जा रहा है। इससे वातावरण भक्तिमय एवं छठमय हो गया है। जिले में बाहर से आने वाले यात्रियों, श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों का स्वागत छठ महापर्व की लोक परंपरा और सांस्कृतिक विरासत के अनुरूप किया जा रहा है। स्वागत द्वारों एवं पोस्टर-बैनरों पर प्रदर्शित चित्र एवं प्रचार सामग्री सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग (IPRD), बिहार से प्राप्त निर्धारित सामग्री एवं प्रारूप के अनुरूप लगाए गए हैं।
वहीं, छठ घाटों को भी आकर्षक एवं स्वच्छ स्वरूप प्रदान करने के लिए सौंदर्यीकरण, साफ-सफाई, रंग-रोगन एवं अन्य आवश्यक कार्य कराए जा रहे हैं। घाटों और उनके आसपास के क्षेत्रों को श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ, सुंदर एवं सुविधाजनक बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा नगर निकायों, संबंधित विभागों एवं स्थानीय प्रशासन के समन्वय से इन कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है।
छठ महापर्व की तैयारियां केवल सजावट तक सीमित नहीं हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए घाटों की साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, शुद्ध पेयजल, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा एवं अन्य आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने की दिशा में भी लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
जिला प्रशासन का प्रयास है कि लोक आस्था के इस महान पर्व को जिले के सभी नागरिक श्रद्धा, भक्ति, उल्लास एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। साथ ही, सीतामढ़ी आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु एवं आगंतुक को यहां की सांस्कृतिक विरासत, आतिथ्य परंपरा और छठ महापर्व की पवित्रता का सुखद अनुभव हो।
शहर से गांव तक, सीमा क्षेत्र से रेलवे स्टेशन तक और प्रमुख मार्गों से छठ घाटों तक—हर ओर छठ की छटा, भक्ति के गीत और स्वागत की तैयारी। सीतामढ़ी जिला लोक आस्था के महापर्व छठ के स्वागत में पूरी तरह उत्साहित है।
बिहार है तैयार! छठ के स्वागत में सीतामढ़ी तैयार!
जिला प्रशासन, सीतामढ़ी की ओर से समस्त जिलेवासियों को लोक आस्था के महापर्व छठ की हार्दिक शुभकामनाएं।