गोल्डन आवर में देवदूत बनी पलवल पुलिस: 5 मिनट के रिस्पॉन्स टाइम से ईआरवी-516 ने बचाई तीन अनमोल जिंदगियां।
Aonenews अरविन्द बक्शी
पलवल पुलिस की डायल-112 सेवा (ईआरवी) एक बार फिर आमजन के लिए जीवनरक्षक साबित हुई।
पुलिस प्रवक्ता कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार पलवल पुलिस की डायल-112 सेवा (ईआरवी) एक बार फिर आमजन के लिए जीवनरक्षक साबित हुई है। पुलिस अधीक्षक पलवल दीप्ति गर्ग, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन में कार्य करते हुए ईआरवी-516 पर तैनात पुलिस कर्मचारियों ने तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देकर सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल तीन व्यक्तियों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाई है।
डायल-112 सेवा (ईआरवी) प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार के अनुसार, दिनांक 18 नवंबर 2026 को पुलिस को गांव दुर्गापुर के बाहर सड़क दुर्घटना होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही ईआरवी-516 पर तैनात इंचार्ज उप-निरीक्षक भोज दत्त और चालक सिपाही अनीश ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 5 मिनट के भीतर (4:31 बजे से 4:36 बजे तक) घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
मौके पर तीनों घायल व्यक्ति नाजुक हालत में थे। दोनों पुलिस कर्मचारियों ने बिना किसी देरी के सरकारी गाड़ी डायल-112 सेवा (ईआरवी) की मदद से तीनों घायलों को तुरंत नागरिक अस्पताल, पलवल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर घायलों की पहचान साहिल पुत्र नवाब (निवासी गांव धीरनकी, थाना हथीन), इरफान पुत्र नियाजू तथा मोहवत पुत्र नियाजू (निवासी गांव ठेकरा, जिला नूंह) के रूप में हुई है। समय पर चिकित्सा सहायता मिल जाने के कारण अब तीनों घायल खतरे से बाहर हैं और उपचाराधीन हैं।
पुलिस अधीक्षक पलवल दीप्ति गर्ग, आईपीएस ने ईआरवी-516 की टीम—उप-निरीक्षक भोज दत्त और सिपाही अनीश—की इस त्वरित कार्रवाई, कर्तव्यनिष्ठा और मानव सेवा की भावना की प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि जवानों के इस सराहनीय कार्य से न केवल तीन अनमोल जिंदगियां बची हैं, बल्कि आमजन के बीच पुलिस विभाग की छवि भी और अधिक उज्ज्वल हुई है।